PM मोदी के शपथ ग्रहण में विपक्ष के नाम पर सिर्फ मल्लिकार्जुन खड़गे पहुंचे, INDIA गठबंधन को नहीं मिला निमंत्रण
Narendra Modi Oath Ceremony 2024: नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। पीएम मोदी के साथ-साथ उनके कैबिनेट के मंत्रियों ने भी शपथ ली है। पीएम नरेंद्र मोदी कैबिनेट में उनके अलावा 30 मंत्री शामिल हुए हैं। वहीं पांच मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) को जगह मिली। इसके अलावा 36 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई हैं।
PM मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में देश-विदेश के कई मेहमान आए थे। लेकिन देश की विपक्षी पार्टियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहुंचे थे। विपक्षी पार्टियों का दावा है कि इंडिया गठबंधन को शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निमंत्रण नहीं मिला था।

नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि, 'मैं संवैधानिक कर्तव्य के कारण इस समारोह में शामिल हो रहा हूं। मैं राज्यसभा में विपक्ष का नेता हूं, यह मेरा कर्तव्य है कि मैं वहां जाऊं।'' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देंगे, तो उन्होंने कहा, 'अगर मैं मिलूंगा, तो देखूंगा।''
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कही ये बात?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकवादियों द्वारा गोलीबारी के बाद बस के खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत पर ट्वीट किया है। इसी पोस्ट में उन्होंने मोदी सरकार का भी जिक्र किया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के देश में आने के बीच तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए एक कायराना आतंकवादी हमले में कम से कम 10 भारतीयों की जान चली गई। हम अपने लोगों पर हुए इस जघन्य आतंकवादी हमले और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जानबूझकर किए गए इस अपमान की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार और अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल सहायता और मुआवजा प्रदान करना चाहिए।''
उन्होंने आगे कहा, ''अभी तीन सप्ताह पहले ही पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की गई थी और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी घटनाएं लगातार जारी हैं। मोदी (अब एनडीए) सरकार द्वारा शांति और सामान्य स्थिति लाने का सारा प्रचार खोखला साबित हो रहा है। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।''
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह पर क्या बोले विपक्षी नेता?
आसनसोल से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह पर कहा, "हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं... बार-बार प्रचार के माध्यम से कहा जा रहा है कि ये तीसरी बार शपथ ले रहे हैं लेकिन इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी भी तीन बार शपथ ले चुके हैं... यह मोदी, भाजपा सरकार नहीं है। यह NDA सरकार है, यह नियम और शर्तों वाली सरकार है। इन्होंने न TMC और न ही INDIA गठबंधन को निमंत्रण भेजा है। यह शपथ ग्रहण समारोह कम मेला ज्यादा लग रहा है।"
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "उनके पास बहुमत है इसलिए वे शपथ ले रहे हैं। हमारे पास बहुमत नहीं है इसलिए हम विपक्ष में बने रहेंगे और इस देश के लोगों के हित के लिए लड़ेंगे। मैं उनके गठबंधन पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।"












Click it and Unblock the Notifications