भारत दौरे पर आ रहे मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, जानिए भारत के लिए क्यों खास है ये यात्रा?
Malaysian PM Anwar Ibrahim: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम अपनी तीन दिन की यात्रा पर सोमवार को भारत आ रहे हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने रविवार को कहा कि मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की तीन दिवसीय भारत यात्रा दोनों देशों के बीच बहु-क्षेत्रीय सहयोग एजेंडा तैयार करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इब्राहिम के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। प्रधानमंत्री के तौर पर यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने मलेशियाई समकक्ष के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।

कई सालों से दोनों देशों के रिश्ते तल्ख
अनवर इब्राहिम का ये दौरा दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ अपने कूटनीतिक रिश्तों को प्रगाढ़ करने की तरफ देखा जा रहा है। इसी के साथ यह दौरा इसलिए भी खास है कि क्योंकि पिछले कुछ सालों में पूर्व इस्लामिक धार्मिक प्रचारक जाकिर नाईक के मलेशिया में शरण लिए जाने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी आ गई थी।
कई अहम मुद्दों पर समझौते के आसार
इस दौरान से दोनों पक्षों द्वारा भारतीय कामगारों की भर्ती सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। भारतीय कामगारों की भर्ती पर समझौते पर हस्ताक्षर करने का फैसला इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारत से मलेशिया में अवैध आव्रजन और मानव तस्करी दोनों सरकारों की प्रमुख चिंताओं में से हैं।
19 से 21 अगस्त तक करेंगे यात्रा
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इब्राहिम मोदी के निमंत्रण पर 19 से 21 अगस्त तक भारत की 'राजकीय यात्रा' करेंगे। 20 अगस्त को इब्राहिम का राष्ट्रपति भवन परिसर में औपचारिक स्वागत किया जाएगा और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे। इसके बाद, वे मोदी के साथ वार्ता करेंगे।
जानिए पहले दिन का कार्यक्रम
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय प्रधानमंत्री मलेशियाई नेता के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे। बाद में इब्राहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "भारत और मलेशिया के बीच मजबूत ऐतिहासिक और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंध हैं। हमारे द्विपक्षीय संबंधों को प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान 2015 में उन्नत रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था।"
इसमें कहा गया है, "चूंकि दोनों देश अगले साल उन्नत रणनीतिक साझेदारी के दूसरे दशक में प्रवेश कर रहे हैं, इसलिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की यात्रा भविष्य के लिए बहु-क्षेत्रीय सहयोग एजेंडा तैयार करके भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।"












Click it and Unblock the Notifications