24 घंटे में फिल्म इंडस्ट्री से दूसरी बुरी खबर, नहीं रहे एक्टर प्रदीप
नई दिल्ली, 17 फरवरी: फिल्म इंडस्ट्री के लिए नया साल भी काफी बुरा जा रहा है, जहां बुधवार को बॉलीवुड के फेमस सिंगर बप्पी लहरी का निधन हो गया। इस दुख से अभी इंडस्ट्री उबरी भी नहीं थी कि गुरुवार को मलयालम एक्टर प्रदीप केआर के निधन की खबर आई। उन्हें कोट्टायम प्रदीप के नाम से भी जाना जाता था। जिनकी उम्र 61 साल थी।

दिल का दौरा पड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदीप को गुरुवार को दिल का दौरा पड़ा। उसके कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पृथ्वीराज सुकुमारन ने एक्टर के निधन की पुष्टि करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। उन्होंने प्रदीप की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा- 'रेस्ट इन पीस, कोट्टायम प्रदीप'! इसके बाद से मलयालम इंडस्ट्री में शोक की लहर है। साथ ही बड़ी हस्तियां भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहीं।

40 की उम्र में शुरू की एक्टिंग
आपको बता दें कोट्टायम प्रदीप ने 2001 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उस दौरान उनकी उम्र 40 साल थी। इसके बाद वो सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए और 70 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। आमतौर पर वो कॉमेडी वाले किरदारों को ही चुनते थे। उनके करीबियों के मुताबिक शुरु में वो जूनियर आर्टिस्ट के रूप में काम करते थे। जिस वजह से बहुत कम ही वो बोलते हुए फिल्मों में नजर आते थे। प्रदीप के परिवार में उनकी पत्नी माया और दो बच्चे हैं।

बप्पी दा भी थे बीमार
वहीं दूसरी ओर बुधवार को सिंगर और कंपोजर बप्पी लहरी का 69 साल की उम्र में निधन हो गया। पिछले एक महीने से वो अस्पताल में भर्ती थे, 15 फरवरी को ही उन्हें छुट्टी दी गई, लेकिन उसके बाद उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। आनन-फानन में डॉक्टरों को बुलाया गया। उन्होंने चेकअप करने के बाद बप्पी दा को फिर से भर्ती करने की सलाह दी, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर उनकी मौत की वजह ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया को बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications