झारखंड के बोकारो में टला बड़ा रेल हादसा, आखिरी समय पर ड्राइवर ने लगाई ब्रेक
झारखंड के बोकारो में रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर। इसी दौरान सामने से आ रही राजधानी एक्सप्रेस के ड्राइवर ने लगाई ब्रेक, जिसकी वजह से बड़ा रेल हादसा टल गया।

झारखंड के बोकारो में बड़ा रेल हादसा टल गया है। संथलडीह में रेलवे क्रॉसिंग के गेट पर ट्रैक्टर ट्रॉली रेलवे ट्रैक और गेट के बीच फंस गया था। इस दौरान नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस यहां से गुजर रही थी। लेकिन ट्रेन के ड्राइवर ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया और बड़ा रेल हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बोकारो के भोजुडीह रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर फंस गया था। साउथ ईस्टर्न रेलवे आदरा डिविजन के डीआरएम मनीष कुमार ने बताया कि ड्राइवर ने सही समय पर ब्रेक लगा दिया, जिसकी वजह से ट्रेन रुक गई और बड़ा रेल हादसा टल गया।
मनीष कुमार ने कहा कि यह घटना मंगलवार की शाम 5 बजे हुई, जिसकी वजह से ट्रेन 45 मिनट लेट हो गई। ट्रैक्टर को सीज कर लिया गया है और ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं गेटमैन को सस्पेंड कर दिया गया है। मौके से ट्रैक्टर का ड्राइवर फरार हो गया था।
अहम बात यह है कि यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब ओडिशा के बालासोर में बड़ा रेल हादसा हुआ था। बालासोर रेल हादसे में 278 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 1100 लोग घायल हुए थे। बेंगलुरू हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी की आपस में टक्कर की वजह से यह हादसा हुआ था।
बता दें कि जिस तरह से बालासोर में रेल हादसा हुआ है उसके बाद से लगातार ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बालासोर हादसे में मारे गए लोगों को सरकार की ओर से मुआवजे का ऐलान किया गया है।
Recommended Video
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख और मामलू घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया गया है। अभी तक रेलवे कुल 100 करोड़ रुपए का भुगतान मुआवजे के तौर पर कर चुका है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल की सरकार की ओर से भी मुआवजे का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications