जुनैद खान हत्याकांड: मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। जुनैद खान को बल्लभगढ़ जाते समय ट्रेन में चाकू मारने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में कई दिनों से चाकू मारने वाले उस शख्स की तलाश कर रही थी। शनिवार को पुलिस की ये तलाश पूरी हुई है और आरोपी को महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार कर लिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक कुछ सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए आरोपी का नाम उजागर नहीं किया है। इस आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि हरियाणा पुलिस ने जुनैद हत्याकांड के मुख्य आरोपी की सूचना देने वाले को 2 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी।
पिछले सप्ताह ही पुलिस ने वारदात स्टेशन के पास से तीन लोगों को बाइक से भागते हुए देखा था। इन लोगों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया था। आपको बता दें कि जुनैद की हत्या बीफ रखने के शक में की गई थी। हालांकि, इस मामले में कोई भी गवाही देने के लिए आगे नहीं आया है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि इस हत्या के मामले में दिल्ली सरकार का एक कर्मचारी भी शामिल है।
गांव खंदावली के रहने वाले 16 साल के जुनैद खान की ईएमयू रेल में एक सीट विवाद के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में जुनैद के दो भाई भी घायल हो गए थे। आपको बता दें कि भारत में गौरक्षा के नाम पर लोगों की हत्या करने को बर्दाश्त न करने की बात पीएम मोदी भी कई बार कर चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके देश में इस तरह की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications