Mahua Moitra: क्या महुआ मोइत्रा की विदेश यात्राएं भी हैं संदेह के घेरे में?
Mahua Moitra cash-for-query: संसद में सवाल पूछने के लिए घूस लेने के आरोपों में घिरीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। क्योंकि, जानकारी के मुताबिक इस मामले में लोकसभा की एथिक्स कमेटी उनकी विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड भी खंगाल सकती है।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट दी है, जिसके मुताबिक एथिक्स कमेटी गृह मंत्रालय से यह जानकारी मांग सकती कि पिछले पांच वर्षों में महुआ मोइत्रा विदेश यात्राओं पर कहां-कहां गईं।

विदेश यात्राओं को लेकर भी हो सकती है जांच- रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार कमेटी की ओर से ऐसा इसलिए किए जाने की संभावना है, ताकि यह देखा जा सके कि महुआ मोइत्रा ने विदेश यात्रों के लिए लोकसभा को सूचना देने और अन्य जरूरी मंजूरी प्रक्रियाओं का पालन किया था कि नहीं। यही नहीं, इस रिपोर्ट के मुताबिक यह भी जानकारी है कि एथिक्स कमेटी ने संसद में सवाल पूछने के लिए कैश लेने के मामले में आईटी मंत्रालय से जानकारी मांगने के लिए पहले ही अनुरोध कर रखा है।
रिश्वत लेने के मामले में 31 अक्टूबर को पेशी का समन-रिपोर्ट
टीएमसी सांसद इस वक्त संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत लेने के आरोपों की वजह से विवादों के घेरे में हैं। इसी रिपोर्ट में यह भी जानकारी दी गई है कि गुरुवार को एथिक्स कमेटी ने महुआ को इस मामले में समन जारी किया है और 31 अक्टूबर को उसके सामने पेश होने के लिए कहा है।
रिपोर्ट में सूत्र के हवाले यह भी जानकारी दी गई है कि महुआ आधिकारिक रूप से समन की कॉपी का इंतजार कर रही हैं और बहुत संभावना है कि वो 31 अक्टूबर को एथिक्स कमेटी के सामने पेश होंगी।
संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत लेने का है आरोप
महुआ के खिलाफ एथिक्स कमेटी में यह जांच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत के आधार पर चल रही है। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से शिकायत की है महुआ ने दुबई में रहने वाले दर्शन हीरानंदानी नाम के बिजनेसमैन से संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत ली।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने की है शिकायत
झारखंड के गोड्डा से सांसद दुबे का कहना है कि उनके पास संसद में प्रधानमंत्री और अडाणी ग्रुप को निशाना बनाने के इरादे से महुआ और बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी के बीच रिश्वत के लेनदेन के ठोस सबूत हैं। दुबे के मुताबिक उन्हें जय अनंत देहाद्राई का एक खत मिला है, जिन्हें महुआ का पूर्व पार्टनर कहा जाता है, जिसमें उन्होंने टीएमसी सांसद के बारे में ऐसी जानकारी साझा की है।
गुरुवार को एथिक्स कमेटी के सामने पेश हुए निशिकांत दुबे
जय ने आरोप लगाया है कि महुआ मोइत्रा ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडाणी पर सवाल उठाने के बदले में संबंधित बिजनेसमैन से रिश्वत ली। इस मामले में दुबे गुरुवार को एथिक्स कमेटी के सामने पेश भी हुए। इस मामले में एथिक्स कमेटी की यह पहली बैठक थी।
जानकारी के मुताबिक निशिकांत दुबे ने कमेटी से कहा है कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के दावों की पुख्ता पड़ताल करने के बाद ही यह शिकायत की है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में दुबई ने कई स्तरों पर छानबीन की है, उसके बाद ही महुआ मोइत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications