Mahua Moitra: 'गिफ्ट में लिया था एक स्कार्फ, लिपस्टिक और आईशैडो...', हीरानंदानी पर महुआ ने किए 5 बड़े खुलासे
Mahua Moitra news: 'कैश फॉर क्वेरी' मामले में घिरीं टीएमसी की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अपनी लोकसभा आईडी का लॉगिन-पासवर्ड बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी को दिया था।
इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में हालांकि महुआ मोइत्रा ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के लगाए गए आरोपों को खारिज किया लेकिन इस बात को माना कि उन्होंने हीरानंदानी से कुछ गिफ्ट लिए। इसके अलावा भी महुआ मोइत्रा ने कुछ बड़े खुलासे किए हैं।

महुआ मोइत्रा ने हीरानंदानी से क्या-क्या गिफ्ट लिए?
महुआ मोइत्रा के ऊपर आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने हीरानंदानी ग्रुप के सीईओ दर्शन हीरानंदानी को अपना लोकसभा आईडी का लॉगिन-पासवर्ड देने के बदले महंगे गिफ्ट लिए। इन आरोपों पर महुआ मोइत्रा ने कहा कि उन्हें हीरानंदानी से गिफ्ट के तौर पर केवल एक स्कार्फ, एक लिपस्टिक और एक आई शैडो मिला। उन्होंने ये भी बताया कि ये सभी सामान दर्शन हीरानंदानी ने दुबई में ड्यूटी फ्री स्टोर से खरीदे थे।
मुंबई में पिक एंड ड्रॉप करती थी हीरानंदानी की कार
गिफ्ट्स के अलावा महुआ मित्रा ने इस बात को भी स्वीकारा कि जब वो मुंबई जाती थीं, तो हीरानंदानी की कार उन्हें पिक एंड ड्रॉप करती थी। हालांकि उन्होंने कहा कि वो कभी हीरानंदानी के साथ नहीं रुकीं।
क्या महुआ मोइत्रा ने कैश लिया?
महुआ मित्रा ने 2 करोड़ रुपए कैश लेने के आरोपों पर कहा, 'ऐसा कोई प्रूफ नहीं है, जिसके आधार पर कहा जाए कि उन्होंने मुझे कैश ऑफर किया। आरोप लगाने वाले लोग ये भूल रहे हैं कि राजनीति में आने से पहले मैं एक बैंकर थी और 2 करोड़ रुपए से कहीं ज्यादा कमाती थी। ऐसे में ये कहना कि मैंने 2 करोड़ रुपए कैश लिए, पूरी तरह हास्यास्पद है।'
'दर्शन मेरे क्लोज पर्सनल फ्रेंड हैं'
महुआ मोइत्रा ने साफ किया कि दर्शन हीरानंदानी उनके एक क्लोज पर्सनल फ्रेंड हैं। महुआ ने कहा, 'दर्शन से मेरी दोस्ती उस वक्त भी थी, जब मैं सांसद नहीं बनी थी। और, उनसे जो गिफ्ट मुझे मिले, वो मैंने एक क्लोज फ्रेंड के तौर पर ही लिए।'
बंगला ठीक कराने के आरोपों पर भी दिया जवाब
महुआ मोइत्रा के ऊपर एक आरोप ये भी है कि उन्होंने अपना सरकारी बंगला हीरानंदानी की कंपनी से रिपेयर कराया। इस आरोप को खारिज करते हुए महुआ ने बताया, 'हीरानंदानी एक बड़ी रियल एस्टेट कंपनी चलाते हैं। जब मुझे सरकारी बंगला आवंटित किया गया, तो उसमें कई जगह टूट-फूट थी। छत के कुछ हिस्सों की वजह से अंदर रोशनी तक नहीं आती थी। दर्शन हीरानंदानी पहले से मेरे दोस्त थे, इसलिए मैंने दर्शन से कहा कि वो अपने किसी आर्किटेक्ट को भेजकर ये दिखवाएं कि बंगले को कैसे फिर से डिजाइन किया जा सकता है और सीपीडब्ल्यूडी इस काम को कैसे कर सकता है।'
दर्शन हीरानंदानी के दिए हुए डिजाइन को दिखाते हुए महुआ मोइत्रा ने बताया, 'मुझे जो बंगला मिला, वो सीपीडब्ल्यूडी ने डिजाइन किया है और उसमें किसी निजी कंपनी ने हाथ तक नहीं लगाया है। अब जाहिर है कि अपने घर का डिजाइन बनवाने के लिए मैं निशिकांत दुबे के पास तो नहीं जाऊंगी, अपने दोस्त के पास ही जाऊंगी।'












Click it and Unblock the Notifications