'मैं गुस्से से बोलूं या प्यार से, इस पर लेक्चर देने वाली आप कौन हैं', लोकसभा स्पीकर पर भड़कीं महुआ मोइत्रा
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को लोकसभा में उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर लोकसभा स्पीकर पर जमकर गुस्सा निकाला।
नई दिल्ली, 3 फरवरी। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को लोकसभा में उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर लोकसभा स्पीकर पर जमकर गुस्सा निकाला। महुआ मोइत्रा ने एक ट्वीट कर लिखा-, 'मुझे गुस्से से बोलना चाहिए या प्यार से इस पर लेक्चर देने वाली आप कौन हैं, ये आपका काम नहीं है मैडम। आप मुझे केवल नियमों पर ही सुधार सकती हैं। आप लोकसभा की मोरल साइंस की टीचर नहीं हैं।'

क्या था मामला
दरअसल, लोकसभा में बयान देते हुए महुआ मोइत्रा तेज आवाज में बोल रही थीं, इस पर लोकसभा स्पीकर (रमा देवी) ने उन्हें धीमा आवाज में बोलने की नसीहत दी। इस पर महुआ ने कहा कि ओके मैडम, गुस्सा आ ही जाता है। इसके बाद महुआ ने सदन में तो कुछ नहीं कहा, लेकिन संसद के बाहर आते ही मुहाआ लोकसभा स्पीकर पर आग बबूला हो गईं। उन्होंने कहा कि मुझे बोलने के लिए 13 मिनट दिए गए थे, लेकिन इससे पहले की मैं अपनी बात खत्म कर पाती मुझे बिठा दिया गया। यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है। उन्होंने कहा मेरे पास बोलने के लिए सिर्फ एक पैराग्राफ और बचा था, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया।
यह भी पढ़ें साथी कर्मचारी को ज्यादा सैलरी देने पर महिला ने कर दिया कंपनी पर केस, मिले 21 करोड़
इतिहास बदलना चाहती है भाजपा
लोकसभा में अपने भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इतिहास बदलना चाहती है। यह सरकार भविष्य से डरती है और वर्तमान में इसे विश्वास नहीं है। महुआ आज इतने गुस्से में थीं कि उन्होंने राष्ट्रपति तक को नहीं बख्शा। महुआ ने कहा कि राष्ट्रपति अपने संबोधन की शुरुआत में स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में बोलते हैं, जिन्होंने भारत के अधिकारों को सुरक्षित रखा, लेकिन यह केवल एक जुमला है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 80 फीसदी बनाम 20 फीसदी वाले बयान पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 80 फीसदी बनाम 20 फीसदी की इस सरकार की लड़ाई ने हमारे लोकतंत्र को नष्ट करने का जोखिम उठाना शुरू कर दिया है।
बता दें कि लोकसभा में भाषण देने से पहले एक ट्वीट कर मोइत्रा ने जता दिया था कि वह आज भाजपा की क्लास लगाने वाली हैं। मोइत्रा ने सुबह एक ट्वीट कर लिखा था- 'मैं लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने जा रही हूं। भाजपा से कहना चाहूंगी कि वो अपनी हेकलर टीम को तैयार कर ले और गोमूत्र के कुछ शॉट भी पीकर आएं।'












Click it and Unblock the Notifications