भाजपा को रोकने के लिए शिवसेना को समर्थन की तैयारी में 30 कांग्रेस विधायक!
शिवसेना को समर्थन की तैयारी में 30 कांग्रेस विधायक!
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच कोई हल निकलता नहीं दिख रहा है। इस बीच कांग्रेस के ज्यादातर विधायक चाहते हैं कि शिवसेना को समर्थन कर सरकार बनवाई जाए और भाजपा को सत्ता से बाहर रखा जाए। सूत्रों के मुताबिक, 30 कांग्रेस विधायकों ने इस बाबत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी सपंर्क किया है।

इन विधायकों ने सोनिया गांधी से शिवसेना को समर्थन का इजाजत मांगी है। ये विधायक चाहते हैं कि अगर शिवसेना अगर सरकार बनाने का दावा करती है तो उसे बाहर से समर्थन दिया जाए ताकि भाजपा को सत्ता के बाहर रखा जा सके। हालांकि इस पर सोनिया गांधी या किसी दूसरे कांग्रेस नेता का कोई बयान नहीं आया है।
इससे पहले शिवसेना के सीनियर नेता संजय राउत एनसीपी प्रमुख शरद पवार से भी मिल चुके हैं। ऐसे में इस तरह की भी बातें चल रही हैं कि एनसीपी और कांग्रेस बाहर से समर्थन देकर शिवसेना की सरकार बनवा सकते हैं। हालांकि एनसीपी और कांग्रेस दोनों ही ये कहते रहे हैं कि महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठया है तो वो अपनी वही जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को हुए चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आए हैं लेकिन नई सरकार बनने को लेकर कुछ भी साफ नहीं हो पा रहा है। चुनाव में बीजेपी के 105 और शिवसेना के 56 विधायक जीते हैं। कांग्रेस को 44 और एनसीपी को 54 सीटों पर जीत मिली है। बहुमत के लिए यहां 145 सीटों की जरूरत है, ऐसे में साफ है कि कोई एक पार्टी अपने दम पर सरकार नहीं बना सकती है। भाजपा-शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा है। दोनों दलों की सीटें भी बहुमत के आंकड़े से ज्यादा हैं लेकिन नतीजे आने के बाद से ही शिवसेना ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद पर अड़ी हुई है, वहीं भाजपा इस पर तैयार नहीं है। इसी को लेकर नई सरकार का रास्ता साफ नहीं हो पा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications