महाराष्ट्र सरकार की राज्यपाल से अपील, उद्धव ठाकरे को MLC नियुक्त करें
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते पूरा देश लॉकडाउन है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया को भी लॉकडाउन की वजह से रोक दिया गया है। इसी वजह से महाराष्ट्र सरकार ने एक प्रस्ताव पास किया है, जिसमे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से अपील की गई है कि वह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को विधान परिषद का सदस्य घोषित करें, क्योंकि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते विधान परिषद का चुनाव स्थगित करना पड़ा है। बता दें कि उद्धव ठाकरे फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए वैधानिक रूप से विधान सभा या विधान परिषद में से किसी एक सदन का सदस्य होना जरूरी है, लिहाजा अगर छह महीने के भीतर किसी भी सदन के सदस्य नहीं बनते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ सकता है। लेकिन विधान परिषद का चुनाव नहीं होने की वजह से सरकार की ओर से यह प्रस्ताव भेजा गया है।
Recommended Video

बता दें कि आज हुई कैबिनेट की बैठक में उद्धव ठाकरे शामिल नहीं हुए, उनकी जगह उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बैठक की अध्यक्षता की। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार है। प्रदेश में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी की गठबंधन की सरकार है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या सर्वाधिक है। यहां कुल 1135 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। जबकि 72 लोगों की इसकी वजह से जान जा चुकी है। पूरे देश की बात करें तो कुल 5095 लोगो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जबकि 166 लोगों की इस संक्रमण की वजह से जान जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications