Maharashtra Election Results 2019: शिवसेना उम्मीदवार को हराकर केवल एक ही सीट जीत सकी राज ठाकरे की पार्टी
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटों पर चुनाव हुआ है। इस दौरान मुख्य मुकाबला बीजेपी-शिवसेना और कांग्रेस-एनसीपी के बीच देखा गया। इन सबके बीच राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) का काफी बुरा हाल रहा है। पार्टी ने यूं तो अपने 110 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, लेकिन केवल एक ही उम्मीदवार जीत सका है।

राज ठाकरे की पार्टी ने केवल एक ही सीट पर जीत दर्ज की है, ये सीट है कल्याण ग्रामीण। यहां एमएनएस उम्मीदवार प्रमोद राजु रतन पाटिल ने 6 हजार वोटों से शिवसेना के रमेश महात्रे को हराया है।
इससे पहले इनके बड़े भाई रमेश रतन पाटिल ने साल 2009 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। रमेश रतन पाटिल ने तब शिवसेना उम्मीदवार रमेश सुकारया महात्रे को 9 हजार वोटों से मात दी थी। साल 2014 में शिवसेना उम्मीदवार सुभाष घानु ने पाटिल को 44 हजार वोट से हरा दिया था। जिसके बाद पाटिल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
बता दें राज ठाकरे ने साल 2006 में शिवसेना छोड़कर एमएसएन का गठन किया था। उनकी पार्टी ने 2009 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया था। 2009 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 13 सीटें जीती थीं। वहीं साल 2014 के चुनाव में पार्टी को केवल एक ही सीट मिली थी। नगर निगम के चुनावों में भी एमएनएस ने अच्छा प्रदर्शन किया था। नाशिक नगर निगम पर तो एमएनएस का कब्जा हुआ ही था, साथ ही बीएमसी में भी एमएनएस के 27 कॉरपोरेटर चुनकर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications