मुंबई के जिस गरवारे क्लब में आज होगी बीजेपी विधायकों की परेड, जानिए उसका शरद पवार कनेक्शन
मुंबई। महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान में उस समय बड़ा ट्विस्ट आया जब मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया। सर्वोच्च अदालत ने महाराष्ट्र की नवनियुक्त फडणवीस सरकार को बुधवार शाम 5 बजे तक फ्लोर टेस्ट पास करने का आदेश दिया है। वहीं सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के साथ ही बीजेपी ने अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। पार्टी ने मंगलवार रात 9 बजे वानखेड़े स्टेडियम के गरवारे क्लब में विधायकों की ये बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि बहुमत परीक्षण के लिए जाने से पहले बीजेपी अपनी 'ताकत' को लेकर खुद आश्वस्त होना चाहती है। लेकिन मुंबई के जिस गरवारे क्लब में बीजेपी विधायकों की परेड होनी है, इसका एनसीपी प्रमुख शरद पवार से खास कनेक्शन है।

गरवारे क्लब में बीजेपी विधायकों की परेड
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी ने गरवारे क्लब में अपनी पार्टी के विधायकों की बैठक बुलाई है। बीजेपी की रणनीति ये है कि इस बैठक में पार्टी के सभी 105 विधायक शामिल होंगे, इसके अलावा वो निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहेंगे जिन्होंने बीजेपी के समर्थन की बात कही है। बीजेपी नेता राव साहेब दानवे ने कहा कि हम बहुमत साबित करने में सफल रहेंगे। आज रात 9 बजे सभी बीजेपी विधायकों की मुंबई के गरवारे क्लब में बैठक होगी। लेकिन जिस गरवारे क्लब में बीजेपी विधायकों की ये बैठक रखी गई है उसकी मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष एनसीपी चीफ शरद पवार ही हैं।
जिस क्लब में बीजेपी की बैठक उसके अध्यक्ष हैं शरद पवार
कुल मिलाकर बीजेपी के इस फैसले के बाद एक बात तो साफ हो गई कि महाराष्ट्र में चल रहे सत्ता के खेल की अहम रणनीति उसी वानखेड़े स्टेडियम के गरवारे क्लब में फाइनल होगी, जहां भारतीय टीम ने साल 2011 का क्रिकेट वर्ल्डकप जीता था। विधायकों के परेड का ये फैसला बीजेपी कोर कमेटी की बैठक के बाद लिया गया, जिसमें बताया गया कि गरवारे क्लब में आज रात 9 बजे बीजेपी के विधायक बैठेंगे, इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

जहां टीम इंडिया ने जीता था 2011 का वर्ल्ड कप, वहीं होगा बीजेपी का 'शक्ति परीक्षण'
बता दें कि बीजेपी के विधायकों की अहम बैठक से पहले सोमवार शाम को शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने भी अपने विधायकों का शक्ति प्रदर्शन किया था। एनसीपी चीफ शरद पवार, शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति में सोमवार शाम 7 बजे हयात होटल में तीनों दलों के 162 विधायकों ने गठबंधन के प्रति निष्ठा की 'शपथ' ली। वहीं मंगलावर को सुप्रीम कोर्ट ने फडणवीस सरकार को बुधवार को बहुमत परीक्षण का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि प्रोटेम स्पीकर नियुक्त कर उनकी देख-रेख में शक्ति परीक्षण की प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। अदालत ने ये भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान गुप्त मतदान नहीं हो और फ्लोर टेस्ट का लाइव टेलिकास्ट किया जाए।
इसे भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में सबसे बड़ा सवाल, कौन बनेगा प्रोटेम स्पीकर, कौन है सीनियर मोस्ट?












Click it and Unblock the Notifications