सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोले भाजपा नेता- हम कल ही बहुमत साबित करने को तैयार
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोले भाजपा नेता- हम कल ही बहुमत साबित करने को तैयार: चंद्रकांत पाटिल
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार की शपथ के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा से 27 नवंबर को बहुमत साबित करने को कहा है। राज्यपाल से भाजपा को 14 दिन का समय मिला था लेकिन अदालत ने कहा है कि बुधवार को ही फ्लोर टेस्ट का सामना करिए। अदालत के फैसले पर महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि हमें बुधवार को ही बहुमत साबित कर देने का विश्वास है।

हम फैसला का सम्मान करते हैं: पाटिल
चंद्रकांत पाटिल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा, हम अदालत के निर्णय का सम्मान करते हैं। हम बहुमत साबित करने के लिए तैयार हैं और विधानसभा में अपनी ताकत दिखाएंगे। हमें विश्वास है कि हम बहुमत साबित कर देंगे। वहीं एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के नेताओं ने कहा है कि भाजपा की सरकार 100 फीसदी गिर जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या दिया फैसला
महाराष्ट्र में सरकार गठन के मुद्दे को लेकर शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन की याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को फ्लोर टेस्ट कराने के लिए कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि महाराष्ट्र में कल यानी 27 नवंबर को फ्लोर टेस्ट होगा। शाम 5 बजे के पहले बहुमत परीक्षण होगा और सीक्रेट बैलेट पेपर पर वोटिंग नहीं होगी। साथ ही कोर्ट ने ये भी कहा है कि फ्लोर टेस्ट का लाइव प्रसारण किया जाए। शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस ने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने के राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के फैसले को चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को महाराष्ट्र मामले की सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

क्या है ये पूरा मामला
महाराष्ट्र की सियासत में शनिवार सुबह नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला था। सुबह साढ़े सात बजे राज्यपाल ने भाजपा के देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र सीएम और एनसीपी के अजित पवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई थी। अजित ने एनसीपी का समर्थन भाजपा को होने की बात कही लेकिन पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने इसे नकार दिया। इसके बाद एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस ने इस शपथ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आए थे। जिसमें बीजेपी के 105 और शिवसेना के 56 विधायक जीते हैं। कांग्रेस को 44 और एनसीपी को 54 सीटों पर जीत मिली। बहुमत के लिए यहां 145 सीटों की जरूरत है। एनसीपी, कांग्रेस, शिवसेना मिलकर सरकार बनाने की बात कह रही हैं तो भाजपा अपने 105 के अलावा एनसीपी और अन्य मिलाकर कुल 170 विधायकों के समर्थन का दावा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications