Maharashtra: NCP-Congress के चार विधायक आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ गई है। यहां कांग्रेस और एनसीपी को बड़ा झटका लगा है। मंगलवार को कांग्रेस-एनसीपी के चार विधायकों ने स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। जानकारी के अनुसार ये सभी विधायक आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि एनसीपी के विधायक संदीप नाइक, शिवेंद्र राजे भोसले, वैभव पिचड़ और कांग्रेस के कालीदास कोलांबर ने मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसके बाद आज ये चारो भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

गौर करने वाली बात है कि कुछ दिनों पहले ही भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने बड़ा दावा किया था। गिरीश महाजन ने दावा किया था कि कांग्रेस और एनसीपी के कम से कम 50 विधायक भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं। महाराष्ट्र में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, इसी के चलते यहां भी सियासी उठापटक का दौर शुरू हो गया है। भाजपा नेता के दावे से तकरीबन एक महीने पहले एनसीपी की वरिष्ठ नेता चित्रा वाघ ने कहा था कि वह भाजपा में शामिल होना चाहती हैं क्योंकि एनसीपी में उनका कोई भविष्य नहीं है।
हालांकि, बीजेपी नेता के दावों के बीच शरद पवार ने हाल ही में कहा था कि भाजपा एनसीपी-कांग्रेस को हराने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। शरद पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से 240 सीटों पर हमारे बीच आम सहमति बन गई है। वहीं, बीजेपी नेता ने पवार के इन आरोपों को खारिज कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications