Maha Kumbh 2025: 'महाप्रसाद सेवा' के लिए ISKCON और अडानी आए साथ,महाकुंभ में श्रद्धालुओं को कराएंगे मुफ्त भोजन
Maha Kumbh 2025: 13 जनवरी से यूपी के प्रयागराज में शुरू हो रहे महाकुंभ मेले में श्रद्धुलाओं को भोजन उपलब्ध करवाने के लिए अडानी ग्रुप और इस्कॉन (ISKCON) साथ आए हैं। 'महाप्रसाद सेवा' पूरे महाकुंभ मेले के दौरान,यानी 13 जनवरी से लेकर 26 फरवरी तक पवित्र कुंभ स्नान के लिए आने वाले 50 लाख श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगा।
इस योगदान को लेकर इस्कॉन को धन्यवाद देने के लिए अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुरुवार को इस्कॉन गवर्निंग बॉडी कमीशन (GBC) के चेयरमैन गुरु प्रसाद स्वामी से मुलाकात की है।

Maha Kumbh 2025: अडानी के योगदान के लिए हम अत्यंत आभारी हैं- गुरु प्रसाद स्वामी
इस अवसर पर इस्कॉन के प्रमुख प्रचारकों में से एक गुरु प्रसाद स्वामी ने कहा,'अडानी ग्रुप हमेशा से कॉर्पोरेट जिम्मेदारी और समाज सेवा का एक शानदार उदाहरण रहा है। गौतम अडानी को जो चीज सबसे अलग बनाती है,वह है उनकी विनम्रता। वे कभी बुलावे की प्रतीक्षा नहीं करते,बल्कि निस्वार्थ भाव से सेवा के लिए आगे बढ़ते हैं। उनके योगदान के लिए हम अत्यंत आभारी हैं। उनका काम हमें समाज को कुछ देने और मानवता की सेवा में एकजुट होने के लिए प्रेरित करता है।'
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए 'महाप्रसाद सेवा'आरंभ करना मेरा सौभाग्य- गौतम अडानी
वहीं 'महाप्रसाद सेवा' में इस्कॉन के सहयोग के लिए अडानी ने कहा, 'कुंभ सेवा का एक पवित्र स्थल है,जहां हर श्रद्धालु ईश्वर की सेवा में जुटा होता है। मेरा यह सौभाग्य है कि हम इस्कॉन के सहयोग से महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए 'महाप्रसाद सेवा'आरंभ कर रहे हैं।'
उन्होंने आगे बताया,'मां अन्नपूर्णा के आशीर्वाद से लाखों श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। आज मुझे इस्कॉन के गुरु प्रसाद स्वामी जी से मिलने का अवसर मिला और मैंने सेवा के प्रति समर्पण की शक्ति का गहराई से अनुभव किया। सही अर्थों में सेवा ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। सेवा ही ध्यान है, सेवा ही प्रार्थना है और सेवा ही भगवान है।'
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ क्षेत्र में 40 स्थानों पर उपलब्ध होगा महाप्रसाद
'महाप्रसाद सेवा' 50 लाख श्रद्धालुओं को उपलब्ध होगी। इसके लिए भोजन मेला क्षेत्र के बाहर दो किचन में तैयार किया जाएगा। महाकुंभ क्षेत्र में 40 स्थानों पर महाप्रसाद का वितरण होगा और इस कार्य में 2,500 स्वयंसेवक योगदान देंगे।
दिव्यांगों,बुजुर्गों और बच्चों वाली माताओं के लिए गोल्फ कार्ट का भी इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही भक्तों के बीच गीता सार की पांच लाख प्रतियां भी वितरित करने की तैयारी है।












Click it and Unblock the Notifications