MP News: यूएन विमेन इंडिया ने सराहा मध्यप्रदेश का ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल’ मॉडल
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की STDW पहल, जो महिलाओं के लिए सुरक्षित, समावेशी पर्यटन का समर्थन करती है, को UN महिला भारत से अंतर्राष्ट्रीय प्रशंसा मिली। यह कार्यक्रम प्रशिक्षित महिलाओं और लड़कियों, सामुदायिक भागीदारी और कौशल विकास को मुख्य शक्तियों के रूप में उजागर करता है, जो यात्रा में महिला सशक्तिकरण के लिए एक मॉडल के रूप में MP की स्थिति को मजबूत करता है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल’ (STDW) परियोजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव शोको इशिकावा ने भोपाल में आयोजित एक विशेष सत्र में परियोजना से जुड़ी प्रशिक्षित बालिकाओं और महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभवों और उपलब्धियों की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान शोको इशिकावा ने प्रशिक्षित बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित और समावेशी पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक मॉडल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को महिला पर्यटकों के लिए देश का सबसे सुरक्षित और संवेदनशील पर्यटन गंतव्य बनाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं और पर्यटन क्षेत्र को अधिक समावेशी बनाया जा रहा है।
हस्तनिर्मित उपहारों ने जीता प्रतिनिधिमंडल का दिल
संवाद कार्यक्रम के दौरान STDW परियोजना से जुड़ी महिलाओं और बालिकाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए हस्तशिल्प उपहार अतिथियों को भेंट किए। इनमें हस्तनिर्मित स्मृति चिन्ह, फैब्रिक ज्वेलरी और फेंगशुई कलाकृतियां शामिल थीं। इन उत्पादों ने स्थानीय कला, रचनात्मकता और महिलाओं की आत्मनिर्भरता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
यूएन विमेन प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के तहत विकसित कौशल प्रशिक्षण मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और महिलाओं में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया। इस अवसर पर यूएन विमेन इंडिया की कंट्री डिप्टी रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह और स्टेट रिप्रेजेंटेटिव जोयात्री राय भी मौजूद रहीं।












Click it and Unblock the Notifications