एमपी टूरिज्म को मिला ‘आउटस्टैंडिंग टूरिज्म स्टेट ऑफ इंडिया’ अवॉर्ड, TAAI के राष्ट्रीय सम्मेलन में हुआ सम्मानes
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड को कोलकाता में TAAI 69वें राष्ट्रीय सम्मेलन और एक्सपो में भारत के उत्कृष्ट पर्यटन राज्य के लिए उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को बढ़ावा देने, फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने और कनेक्टिविटी और उद्योग साझेदारी को मजबूत करने के प्रयासों को पहचानता है।
भोपाल, 26 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड को ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAAI) के 69वें राष्ट्रीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन में ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस – आउटस्टैंडिंग टूरिज्म स्टेट ऑफ इंडिया’ से सम्मानित किया गया है। कोलकाता में 25 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस सम्मेलन में एमपी टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर ने यह सम्मान ग्रहण किया।

यह सम्मान प्रदेश में पर्यटन विकास, पर्यटन स्थलों के प्रचार और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए दिया गया। यह उपलब्धि TAAI के 75वें स्थापना वर्ष समारोह के अवसर पर हासिल हुई।
पर्यटन सचिव एवं मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक विविधता उसे देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शामिल करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों और पर्यटन उद्योग से जुड़े भागीदारों के साथ समन्वय को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। एमपी टूरिज्म पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने और पर्यटन की नई संभावनाओं को विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
ऐतिहासिक विरासत, वन्यजीव और आध्यात्मिक पर्यटन का प्रदर्शन
TAAI सम्मेलन के दौरान मध्य प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की विविध पर्यटन संपदा को प्रस्तुत किया। इसमें ऐतिहासिक स्मारकों, वन्यजीव अभयारण्यों, प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों और फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को प्रमुखता दी गई। इसके साथ ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार और ट्रैवल ट्रेड से जुड़े भागीदारों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश और विदेश के यात्रियों के बीच अधिक लोकप्रिय बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
फिल्म पर्यटन नीति-2025 के तहत निवेश और शूटिंग को बढ़ावा
मध्य प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने ‘मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति-2025’ के तहत राज्य के प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। प्रदेश के विविध भौगोलिक परिदृश्य, ऐतिहासिक धरोहर और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण को फिल्म निर्माताओं एवं प्रोडक्शन हाउस के लिए संभावित अवसरों के तौर पर रेखांकित किया गया।
फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने से राज्य के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और संबंधित व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर विशेष जोर
सम्मेलन में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 को लेकर भी चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए आतिथ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के विकास की योजनाओं की जानकारी साझा की। सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने, यात्रियों की आवाजाही सुगम करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया गया।
इसके अलावा, विमानन क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक हवाई पहुंच बेहतर बनाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की इस उपलब्धि को प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार और पर्यटन बोर्ड का जोर पर्यटन स्थलों के प्रचार, कनेक्टिविटी में सुधार और उद्योग जगत के साथ साझेदारी मजबूत करके मध्य प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने पर है।_____


Click it and Unblock the Notifications
