भोपाल: फेसबुक पोस्ट की वजह से कॉलेज से निकाली गई छात्रा, शिक्षकों को कहा था देश विरोधी
दरअसल बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा आसमा खान कॉलेज द्वारा भगत सिंह की पुण्यतिथि पर भगत सिंह शहीदी दिवस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेने देने से नाराज थी
नई दिल्ली। भोपाल में बीएससी सेकेंड ईयर की एक छात्रा को कॉलेज प्रशासन ने एक फेसबुक पोस्ट की वजह से निष्कासित कर दिया है। मामला भोपाल के मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय का है। जहां एक लड़की ने अपने फेसबुक पोस्ट अपने शिक्षकों को देश विरोधी कह दिया। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने उसे एक साल के लिए निष्कासित कर दिया। तो वहीं छात्रा का कहना है कि उस पोस्ट में उसने किसी शिक्षक का जिक्र नहीं किया था।

दरअसल बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा आसमा खान कॉलेज द्वारा भगत सिंह की पुण्यतिथि पर भगत सिंह शहीदी दिवस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेने देने से नाराज थी। ये नाराजगी उसे फेसबुक पर प्रकट करना भारी पड़ गया। इस मामले पर महाविद्यालय के प्राचार्य नीरज अग्निहोत्री ने कहा कि भगत क्रांति दल के साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी भगत सिंह की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रबंधन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद इस छात्रा ने कॉलेज के प्रोफेसर और शिक्षकों को फेसबुक पोस्ट में राष्ट्र विरोधी कह दिया।
उन्होंने बताया कि आसमा खान को निष्कासित करने का फैसला कॉलेज की स्टाफ काउंसिल ने लिया है। उन्होंने ये भी बताया कि आसमा खान को या तो फेसबुक पोस्ट डिलीट करनी चाहिए थी या फिर माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन उसने तो उल्टा कॉलेज पर ही देश विरोधी गतिविधियों को संरक्षण देने का आरोप लगा दिया। कार्यक्रम के लिए इजाजत न देने पर प्रिंसिपल ने कहा कि कॉलेज इस तरह के कार्यक्रमों के खिलाफ नहीं है लेकिन सरकार द्वारा चल रहे एक ट्रेनिंग प्रोग्राम के चलते ऑडिटोरियम 20 मार्च तक बुक था। वहीं इस मामले पर छात्रा का कहना है कि उसे अपना पक्ष रखने का मौका तक नहीं दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications