मध्य प्रदेश: शिवपुरी के प्राचीन राम-जानकी मंदिर से 15 करोड़ का स्वर्ण कलश चोरी
भोपाल। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में राम-जानकी मंदिर से चोरों ने कलश चोरी कर लिया। प्राचीन मंदिर से चोरी हुए कलश की कीमत 15 करोड़ के करीब है। शिवपुरी के खनियांधाना किले के में स्थित राम-जानकी मंदिर 300 साल से ज्यादा पुराना है। इस मंदिर के शिखर पर 55 किलो सोने का कलश लगा था, ये कलश बुधवार-गुरुवार की रात को चोरी हो गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच चोरी की जांच
राम-जानकी मंदिर से कलश को चोरी किए जाने की कोशिश 2013 में भी हुई थी। इसके बाद से भी इस पर चोरों की निगाह थी क्योंकि इसकी कीमत आज के समय में 15 करोड़ से ज्यादा की है। कलश चोरी के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर शिवपुरी पुलिस के साथ डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट की विशेषज्ञ टीम ने भी सबूत जुटाए हैं।

300 साल पहले लगा था कलश
राम-जानकी मंदिर के संरक्षक शैलेन्द्र सिंह जूदेव ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्होंने मंदिर की शिखर पर स्थापित स्वर्ण कलश को गायब देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जूदेव ने बताया कि राम-जानकी मंदिर का ऐतिहासिक महत्व है। उनका कहना है कि 300 साल पहले जब मंदिर बना तभी मंदिर के शिखर पर सोने के कलश स्थापित किए गए थे।

जानकारी देने वाले को इनाम की घोषणा
पुलिस ने सूचना के बाद से ही चोरों को पकड़ने की कोशिशें शुरू कर दी हैं, हालांकि कई टीमों की छानबीन के बावजूद चोरों का अभी कोई पता नहीं चल पाया है। शिवपुरी एसपी ने कलश चुराने वालों की जानकारी देने वाले को दस हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications