मुंबई में टेलीकॉम निवेशकों को मध्यप्रदेश का न्योता, ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब: सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ग्वालियर में एक विकसित हो रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के लिए प्रोत्साहन की घोषणा की है। इस योजना में निवेशकों को आकर्षित करने और हजारों नौकरियां पैदा करने के लिए ₹1 प्रति वर्ग मीटर की दर से ज़मीन, पूंजी निवेश पर 50% तक की सब्सिडी, वेतन सहायता और कुशल विकास अनुदान शामिल हैं।

मध्यप्रदेश सरकार ने टेलीकॉम क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मुंबई में 'इन्वेस्टर राउंड टेबल' बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और निवेशकों ने भाग लिया। इस दौरान ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) और निवेशकों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे प्रोत्साहनों की जानकारी साझा की गई।

Gwalior Telecom Zone to Spur MP Investment

बैठक में बताया गया कि ग्वालियर में अगले दो से तीन महीनों के भीतर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भूमि-पूजन किया जाएगा। राज्य सरकार के अनुसार यहां निवेशकों को औद्योगिक भूखंड एक रुपये प्रति वर्ग मीटर की लीज दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा पूंजी निवेश पर सब्सिडी, श्रमिकों के वेतन में सहायता और अन्य औद्योगिक प्रोत्साहनों का भी प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ा है और अब टेलीकॉम क्षेत्र में भी नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं, कुशल मानव संसाधन और प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली उपलब्ध है। राज्य सरकार रोजगार आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए वेतन सहायता जैसी योजनाएं भी संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित पहली इन्वेस्टर राउंड टेबल बैठक में लगभग 3,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनसे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार देश के विभिन्न शहरों में रोड शो और निवेशक बैठकों के माध्यम से निवेश आकर्षित कर रही है।

'मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा'

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी भौगोलिक स्थिति, कानून व्यवस्था और औद्योगिक माहौल के कारण निवेशकों के लिए उपयुक्त गंतव्य बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद प्रदेश में कई बड़े औद्योगिक निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पीएम मित्र पार्क, इलेक्ट्रिकल उपकरण पार्क और अब ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन औद्योगिक विकास को नई गति देंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से विभिन्न राज्यों के साथ जल प्रबंधन और आधारभूत संरचना से जुड़े कई प्रोजेक्ट भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

'भारत टेलीकॉम क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा' : सिंधिया

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के दूरसंचार क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि देश आज दुनिया के प्रमुख टेलीकॉम बाजारों में शामिल है और 5जी सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकार की 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' नीति के तहत देश में टेलीकॉम उपकरण निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके अनुसार ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और यहां निवेशकों को प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निवेशकों के लिए विशेष प्रोत्साहन

बैठक में निवेशकों को बताया गया कि ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में कई प्रकार की औद्योगिक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:

* औद्योगिक भूखंड एक रुपये प्रति वर्ग मीटर की लीज पर उपलब्ध। * पूंजी निवेश पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी। * श्रमिकों के वेतन में प्रति कर्मचारी प्रतिमाह 5,000 रुपये तक सहायता। * कौशल उन्नयन के लिए प्रति कर्मचारी 13,000 रुपये तक की सहायता। * प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाएं। * पहले चरण में लगभग 170 एकड़ भूमि उपलब्ध, दूसरे चरण में विस्तार की योजना।

10 हजार से अधिक रोजगार सृजन का अनुमान

अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन देश में संचार उपकरण निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है तथा इसका उद्देश्य भारत में टेलीकॉम निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और निवेशकों के लिए विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+