बारात लेकर दुल्हन के घर एक दिन की देरी से पहुंचा दूल्हा, जानिए फिर क्या हुआ...
झाबुआ (मध्य प्रदेश)। क्या आपने कभी सुना है कि कोई दूल्हा अपनी बारात लेकर दुल्हन को लाने पहुंचे, लेकिन दुल्हन शादी से इंकार कर दे? हालांकि इस मामले में एक चौंकाने वाली बात ये है कि दूल्हे को जिस दिन बारात लेकर पहुंचना था वो उसके अगले दिन यानी करीब 24 घंटे बाद बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा। इस बात से लड़की पक्ष के लोग इसकदर नाराज हो गए कि उन्होंने शादी से ही इंकार कर दिया। इतना ही नहीं दुल्हन ने भी दूल्हे के साथ जाने से मना कर दिया।

झाबुआ के पिटोल इलाके का मामला
पूरा मामला मध्य प्रदेश के झाबुआ स्थित पिटोल इलाके के खेड़ी गांव का है। बताया जा रहा है कि झाबुआ के चरोलीपाड़ा के रहने वाले नरेंद्र की शादी खेड़ी गांव की रेशमा से तय हुआ था। जानकारी के मुताबिक नरेंद्र को रेशमा के घर सोमवार को बारात लेकर पहुंचना था, लेकिन नरेंद्र एक दिन बाद यानी मंगलवार को बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा। इससे लड़की वाले नाराज हो गए। लड़की के पिता ने शादी से इंकार कर दिया।

लड़की वालों ने शादी से किया इंकार
लड़के पक्ष की ओर से दुल्हन के घरवालों को समझाने की बहुत कोशिश की गई। लड़के के पक्ष ने बताया कि दूल्हे के बड़े पिता के निधन की वजह से बारात आने में देरी हुई। उन्होंने लड़की के पिता को भी इस बात की जानकारी दी थी। बावजूद इसके लड़की पक्ष उनकी स्थिति को समझ रहा। लड़के पक्ष की सफाई के बाद भी लड़की के घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं हुए।

पुलिस तक पहुंचा मामला
वर पक्ष की ओर से समझाने के बाद भी जब वधू पक्ष नहीं माना तो मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस भी लड़की पक्ष को समझाने के लिए पहुंची। हालांकि लड़की वाले नहीं मानें, उनका कहना था कि बारात देर से आई है। हमारे सारे रिश्तेदार वापस लौट चुके हैं। ऐसी स्थिति में हम शादी के लिए तैयार नहीं हैं। खुद लड़की ने भी शादी से इंकार कर दिया है।

बिन दूल्हन वापस लौटा दूल्हा, नहीं हुई शादी
आखिरकार पुलिस भी लड़की पक्ष को समझाने में सफल नहीं हो सकी और उसे वापस लौटना पड़ा। इस बीच जानकारी मिल रही है कि लड़की नाबालिग थी। हालांकि दोनों पक्ष के बीच दान-दहेज में जो भी लेन-देन हुआ था वो सब वापस लौटा दिया गया। अंततः दूल्हे को बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौटना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications