एमपी में युवाओं के लिए बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट, सीएम मोहन यादव ने पन्ना से की बड़ी घोषणा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में शिक्षा और रोज़गार के मामलों को तेज़ी से निपटाने के लिए फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा की है, साथ ही पन्ना में विकास परियोजनाओं के लिए भी धन आवंटित किया है। इस योजना में एक नया मेडिकल कॉलेज, केन-बेतवा नदी लिंकिंग, पर्यटन सुविधाओं में वृद्धि और समान नागरिक संहिता का कार्यान्वयन शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के हित में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के चारों महानगरों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को न्याय और अवसर तेजी से उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा।

Madhya Pradesh fast track courts for youth

मुख्यमंत्री गुरुवार को पन्ना के होमगार्ड मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले को 184.83 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही प्रदेश के 35 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जुगल किशोर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण अगले वर्ष किया जाएगा, जिससे नीट अभ्यर्थियों को प्रदेश में ही चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

केन-बेतवा परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र को पानी की समस्या और पलायन से राहत दिलाने के लिए केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि करीब एक लाख करोड़ रुपये की इस परियोजना में केंद्र सरकार ने 90 प्रतिशत वित्तीय सहयोग देने की मंजूरी दी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन न बेचें, क्योंकि परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

पन्ना में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने बृहस्पति कुंड में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह नया पर्यटन आकर्षण देश-विदेश के पर्यटकों को पन्ना की ओर आकर्षित करेगा और जिले की पर्यटन क्षमता को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि पन्ना के प्राकृतिक जलप्रपात और पर्यटन स्थल वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।

184.83 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 184.83 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें गुन्नौर और पवई में 74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो सांदीपनि विद्यालय भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार आधारित वातावरण मिलेगा।

युवाओं के लिए रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 10 हजार नए पद स्वीकृत किए हैं, जबकि पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार के कार्यकाल में एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने किसानों से पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन अपनाकर आय बढ़ाने की अपील की। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में दूध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और औद्योगिक निवेश के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पन्ना सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

यूसीसी पर भी रखी सरकार की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए विधेयक को मंजूरी दे दी है और इसे विधानसभा से भी पारित कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने के बाद सभी नागरिकों के लिए समान कानून प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को तलाक जैसे मामलों में कानूनी सुरक्षा मिलेगी और तलाक की प्रक्रिया न्यायालय के माध्यम से ही पूरी होगी।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई नई घोषणाएं भी कीं— * जुगल किशोर मंदिर का सुविधाओं के साथ विकास किया जाएगा। * महाराज छत्रसाल स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। * बृजपुर में नया महाविद्यालय खोला जाएगा। * जिले में नई सड़क और पुल निर्माण परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+