MP News: दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM डॉ. मोहन, अतिवृष्टि राहत कार्यों की समीक्षा की; अधिकारियों को दिए ये निर्देश

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा, शहडोल और जबलपुर में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों पर जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को जानकारी दी। उन्होंने आरबी सी 6 (4) के तहत कुशल शिविर प्रबंधन, स्वच्छ जल आपूर्ति, चिकित्सा देखभाल और समय पर सहायता पर जोर दिया। समीक्षा में स्वच्छता, बीमारी से बचाव, पशुधन की देखभाल, फसल सर्वेक्षण और आगामी मौसम अलर्ट विंडो को भी शामिल किया गया।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। उन्होंने रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और लोगों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Madhya Pradesh CM reviews flood relief in Rewa

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी भी बाढ़ का पानी भरा हुआ है, वहां राहत कैंपों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। जिन लोगों का घर या खाने-पीने का सामान अतिवृष्टि के कारण नष्ट हुआ है, उन्हें तत्काल आरबीसी 6 (4) के तहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा के गुलाब नगर में जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राहत शिविरों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, वहां तत्काल शासकीय अमले को भेजकर लोगों की आवश्यकताओं का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को भोजन और पेयजल के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी जल स्रोतों और हैंडपंपों में ब्लीचिंग पाउडर आदि के माध्यम से क्लोरीनेशन कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों और नगरीय वार्डों में बाढ़ का प्रभाव रहा है, वहां विशेष चिकित्सा शिविर लगाए जाएं।

बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों को भी गंभीरता से लें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों को भी गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी तरह की महामारी की स्थिति उत्पन्न न हो।

अतिवृष्टि के कारण जिन गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने को कहा गया। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग के अमले को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर पशुओं के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी पशु की मृत्यु हुई है तो उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। गौशालाओं सहित अन्य स्थानों पर पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां फसल क्षति की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल सर्वे कराया जाए। यदि किसी क्षेत्र में बुवाई प्रारंभिक अवस्था में थी और फसल नष्ट हुई है, तो किसानों को आवश्यकतानुसार बीज आदि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, चिकित्सा, पशु चिकित्सा और कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र और फील्ड में मौजूद रहने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में अलग-अलग दल बनाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को भेजने को कहा गया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी नगरीय निकायों और गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव और बाढ़ के बाद किसी भी तरह की बीमारी फैलने की आशंका को कम किया जा सके।

प्रभावित लोगों को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर स्थापित कर नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से बारिश थमने के बाद अधिकांश नागरिक राहत शिविरों से अपने घरों को लौट चुके हैं। अतिवृष्टि के दौरान जिन नागरिकों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं या जिन क्षेत्रों में जनहानि एवं पशुहानि हुई है, उन्हें नियमानुसार सरकार की ओर से मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

24 से 27 अगस्त के बीच संभावित बारिश को लेकर अलर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 से 27 अगस्त 2026 के बीच जिन जिलों में बारिश का चक्र सक्रिय होने की संभावना है, वहां सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इसे देखते हुए कृषि विभाग को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों को प्रोत्साहित करने और किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बदलती मौसम परिस्थितियों के बीच नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+