MP News: बर्थडे से एक दिन पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने दतिया को दी 62 करोड़ की सौगात, भांडेर में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन को किया संबोधित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया के भंडेर क्षेत्र में 12 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिनमें शैक्षिक सुविधाएं, एक नया विज्ञान संकाय, एक कैंटीन, और किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने सिंचाई विस्तार और कृषि सहायता पर भी जोर दिया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले दतिया जिले के भांडेर क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने यहां ₹62 करोड़ 23 लाख की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।

राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कन्यापूजन भी किया। स्वागत और जनसमर्थन से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर ऐसा लग रहा है मानो उनका जन्मदिन आज ही मना लिया गया हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी कोने में भारतीयों को समस्या होने पर त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाती है। किसानों और जवानों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान देश के भाग्य विधाता हैं और उनकी मेहनत से ही समृद्धि संभव है।
शिक्षा और किसानों के लिए योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय खोला जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप उपलब्ध करा रही है, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को दूध उपलब्ध कराने के लिए भी योजना शुरू की गई है।
डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई पहल का जिक्र करते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति 25 गायों के साथ डेयरी स्थापित करता है, तो उसे सब्सिडी दी जाएगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सिंचाई और कृषि क्षेत्र में विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई के रकबे में तेजी से वृद्धि हुई है और केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में कृषि की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। उन्होंने किसानों से नरवाई नहीं जलाने और भूसा गौशालाओं को देने की अपील की, जिसके लिए सरकार भुगतान भी करेगी। साथ ही कृषि यंत्रों को किराये पर उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस के शासनकाल की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जबकि वर्तमान सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमि-पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने दतिया पीजी कॉलेज में विज्ञान संकाय भवन और कैंटीन निर्माण, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना के तहत यात्री निवास, पुलिस लाइन परिसर में रक्षित निरीक्षक कार्यालय और 33/11 केवी उपकेंद्र स्थापना जैसे कार्यों का शुभारंभ किया।
इसके अलावा भांडेर के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ततारपुर स्टेडियम, पंडोखर धाम और रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। साथ ही सांदीपनि विद्यालय में 50-50 सीट वाले बालक एवं बालिका छात्रावास के निर्माण का भूमि-पूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और किसानों सहित आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications