मध्य प्रदेश सरकार का बजट, तीन गुना बढ़ाया गया पुजारियों का मानदेय
भोपाल। मध्यप्रदेश के वित्तमंत्री तरुण भनोट ने बुधवार को विधानसभा में पेश किया। बीते साल सत्ता में आई कांग्रेस सरकार का यह पहला पूर्ण बजट है। बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। राज्य सरकार ने पुजारियों का मानदेय तीन गुना बढ़ाने का ऐलान किय है। पुजारियों के लिए विशेष कोष बनाने का बजट में प्रावधान किया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी दोगुनी की जाएगी। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि बढ़ा दी गई है। यह राज्य का वर्ष 2019-2020 का बजट है।

मध्य प्रदेश सरकार के बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है। दतिया, रीवा और उज्जैन में हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है। वित्तमंत्री भनोट ने अपने बजट भाषण में कहा- सरकार 'राइट टू वाटर' स्कीम ला रही है। इंदौर की कान्हा नदी समेत 40 नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए योजना शुरू की जाएगी। जबलपुर में रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। रोजगार गारंटी योजना के तहत सरकार ने युवा स्वाभिमान योजना शुरू करने का ऐलान किया है। महिलाओं के लिए ई-रिक्शा योजना लाई जाएगी।
वित्तमंत्री ने बताया कि प्रदेश के खान-पान को दुनिया में नई पहचान दिलाई जाएगी। प्रसिद्ध जलेबी, बर्फी, लड्डू, मावा बाटी और नमकीन के साथ ही क्षेत्रीय उत्पादों, जैसे भिंड के पेड़े, सागर की चिरौंजी की बर्फी, मुरैना की गजक की ब्रांडिग की जाएगी। बजट पर गुरुवार और शुक्रवार को चर्चा की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications