मध्य प्रदेश चुनाव: गरीब हितैषी दलों के आधे उम्मीदवार करोड़पति

2013 के विधानसभा चुनाव के 2583 उम्मीदवारों में से तीन प्रमुख दलों कांग्रेस, भाजपा और बसपा के 686 उम्मीदवारों में से 683 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया गया। इन सभी दलों के तीन प्रत्याशियों के शपथ पत्रों का विश्लेषण नहीं किया जा सका, क्योंकि भाजपा के कैलाश विजयवर्गीय के शपथ पत्र के साथ संलग्नक उपलब्ध नहीं थे, कांग्रेस के उदय प्रकाश मिश्रा के शपथ पत्र में पन्ने गायब थे जबकि बसपा के विजय सिंह चौहान के द्वारा दिए गए शपथ पत्र में लिंक उपलब्ध नहीं थे।
भोपाल में एक संवाददाता सम्मेलन में इलेक्शन वॉच और एडीआर द्वारा जारी किए गए ब्योरे के मुताबिक, इस बार के चुनाव में फिर से किस्मत आजमाने वाले 8 विधायकों की संपत्ति पिछले चुनाव से एक हजार फीसदी,16 विधायकों की संपत्ति 500 फीसदी और 113 विधायकों की संपत्ति 500 फीसदी तक बढ़ी है। इन दलों की प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति भी बढ़ी है। भाजपा की औसत संपत्ति (229 प्रत्याशी) 4.04 करोड़ रुपये प्रति उम्मीदवार, कांग्रेस के 228 प्रत्याशियों की औसत संपत्ति है 5.33 करोड़ रुपये प्रति उम्मीदवार और बसपा के 226 प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 76.62 लाख रुपये प्रति उम्मीदवार है।
जबकि 2008 के विधानसभा चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और बसपा के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति क्रमश: 1.05 करोड़, 1.59 करोड़ और 57.29 लाख रुपये प्रति प्रत्याशी थी। ब्योरे में बताया गया कि जिन 683 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया गया उनमें से 350 (51 फीसदी) करोड़पति हैं। भाजपा के 70 फीसद, कांग्रेस के 66 फीसद प्रत्याशी और बसपा के 18 फीसद प्रत्याशी करोड़पति हैं, जबकि वर्ष 2008 में भाजपा के 35 फीसद, कांग्रेस के 37 फीसद और बसपा के 13 फीसद प्रत्याशी करोड़पति थे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2008 में 29 फीसद करोड़पति उम्मीदवारों (639 विश्लेषित उम्मीदवारों में से 184) की तुलना में 2013 के चुनाव में विश्लेषित किए गए 51 फीसदी (683 उम्मीदवारों में से 350) उम्मीदवार करोड़पति हैं। यानि कि 2008 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस साल करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या में 22 फीसद का इजाफा हुआ है। 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के इन दलों के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 3.38 करोड़ रुपये प्रति उम्मीदवार है, जबकि 2008 के विधानसभा चुनावों में इन तीन राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 1.07 करोड़ रुपये थी।












Click it and Unblock the Notifications