ग्लोब में कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान और चीन का हिस्सा, शिकायत दर्ज
तिरुवनंतपुरम। भारत के नक्शे से एक बार फिर कश्मीर को हटाकर पाकिस्तान के हिस्से में दिखाया गया है। केरल में कुछ छात्रों को बेचे गए चाइनीज ग्लोब में भारत के नक्शे से छेड़छाड़ मिली है, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।

बताया जा रहा है कि मलप्पुरम जिले में छात्रों को बेचे गए ग्लोब में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। ये ग्लोब चीन में बने हैं। हालांकि ग्लोब में कहीं भी इस बात की जानकारी नहीं है कि किस कंपनी ने इसे बनाया है। मामला सामने आने पर बीजेपी की यूथ विंग ने शिकायत दर्ज कराई है।
पंचायत अध्यक्ष गोपीनाथ नायर ने कहा, 'ये ग्लोब दूसरे राज्यों में भी डिस्ट्रीब्यूट हुए होंगे। हमने इन्हें यहां पकड़ा है और अधिकारियों को इसकी सूचना दी है।'
बाजार में अब भी मौजूद है ग्लोब
लोगों ने बताया कि विवादित ग्लोब अब भी बाजार में उपलब्ध हैं। छात्र एक स्थानीय बाजार से इन्हें खरीद कर लाए थे, लेकिन पढ़ाई के दौरान उन्होंने पाया कि कश्मीर भारत के बजाय पाकिस्तान के हिस्से में दिखाया गया है। उन्होंने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। परिजनों ने दुकानों में जाकर ग्लोब चेक किए और फिर पुलिस को सूचना दी।
ग्लोब में कश्मीर का कुछ हिस्सा चीन में भी
स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्लोब में कश्मीर का आधा हिस्सा पाकिस्तान में आधा हिस्सा चीन में दिखाया गया है। युवा मोर्चा के राज्य सचिव अजी थॉमस ने कहा, 'ग्लोब में कश्मीर को भारत के बजाय चीन और पाकिस्तान में दिखाए जाने के खिलाफ हमने पुलिस से शिकायत की है। इस काम में जरूर देश विरोधी लोगों ताकतों का हाथ है।'












Click it and Unblock the Notifications