Lucknow: अब चारबाग स्टेशन पर नहीं बिकेगा केला, जानिए क्या है वजह?
लखनऊ। अब आपके चहेते चारबाग रेलवे स्टेशन पर केला नहीं बिकेगा और अगर कोई उसे बेचेते पाया गया तो उस पर तगड़ा जुर्माना लगेगा, दरअसल लखनऊ रेलवे प्रशासन ने चारबाग स्टेशन पर केले की बिक्री पर रोक लगा दी है, इसके पीछे रेलवे अधिकारियों ने दलील ही है कि केलों के छिलके से स्टेशन पर गंदगी फैल रही थी, इसलिए इसकी बिक्री ही बंद करवा दी गई।

अब चारबाग स्टेशन पर नहीं बिकेगा केला
मालूम हो कि चारबाग स्टेशन से रोजाना 280 से अधिक ट्रेनों का आना-जाना होता है, इनमें सफर करने वाले सवा लाख से अधिक यात्रियों का सबसे पसंदीदा फल केला है लेकिन अब इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है, रेलवे प्रशासन ने कहा है कि स्वच्छता से समझौता नहीं किया जा सकता है इसी वजह से केले बेचेने पर रोक लगाई गई है, हालांकि विक्रेता और यात्री इस कदम से खुश नहीं दिखाई दे रहे हैं।

गरीब लोगों को स्टेशन पर केला नहीं मिल पाएगा
मीडिया से बात करते हुए एक विक्रेता ने कहा कि पहले गरीब लोग केले की खरीदारी करते थे क्योंकि अधिकतर अन्य फल महंगे होते हैं लेकिन अब गरीब लोगों को स्टेशन पर केला नहीं मिल पाएगा तो वहीं कुछ यात्रियों ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई है, उनकी शिकायत है कि करोड़ों रुपये सफाई पर खर्च किए जा रहे हैं। बावजूद इसके इस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं।

सीनियर डीसीएम उत्तर रेलवे ने दिया ये बयान
जबकि सीनियर डीसीएम उत्तर रेलवे, जगतोष शुक्ल ने मीडिया में बयान दिया कि हाल ही में डीआरएम की ओर से चारबाग स्टेशन का निरीक्षण किया गया था। इसमें छिलकों के कारण गंदगी पाई गई थी। इसके बाद से स्टेशन पर केलों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

स्वच्छ भारत अभियान
दरअसल, स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छ रेल को लेकर संजीदगी बरती जा रही है। स्टेशन को हाल ही में आईएसओ प्रमाणपत्र भी मिला है। ऐसे में स्टेशन पर गंदगी न रहे, इसके लिए केलों की बिक्री पर रोक लगवा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications