LPG कंपोजिट सिलेंडर:अब बाहर से ही चेक कर सकेंगे गैस की मात्रा, रसोई के इस स्मार्ट साथी के बारे में सबकुछ जानिए
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर: एलपीजी के नए स्मार्ट सिलेंडर अब आपके किचन का ना सिर्फ लुक बदल देंगे, बल्कि आप रसोई गैस से संबंधित उन तमाम झंझटों से भी छुटकारा पा सकते हैं, जो वर्षों से कई बारे परेशानी का सबब भी बन चुके हैं। मसलन, कम गैस की सप्लाई, गैस कब खत्म हो जाएगा उसके बारे में पहले से पता न होना, सिलेंडर का वजन और सिलेंडरों में जंग लग जाना। अब आपको इन सब परेशानियों से राहत मिल सकती है, जिसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने हाल ही में अपने उपभोक्ताओं के लिए लॉन्च किया है।

एलपीजी कंपोजिट सिलेंडर की विशेषताएं
एलपीजी कंपोजिट सिलेंडर की सबसे बड़ी विशेषता ये है कि इसका वजन परंपरागत सिलेंडरों से आधा है। यानी इसे आसानी से ढोया जा सकता है। देश के दूर-दराज इलाकों में एलपीजी उपभोक्ता की सबसे बड़ी शिकायत कम मात्रा में गैस मिलने की होती है। शिकायतें होती हैं कि उन्हें सिलेंडर से काफी गैस निकालकर उनके घरों तक पहुंचाया जाता है। शहरों में तो फिर भी लोग वजन करवाने की कोशिश करते हैं, लेकिन व्यवहारिक तौर पर हर बार यह मुमकिन नहीं होता। यही नहीं, सिलेंडर में कितनी गैस बची है, यह पता नहीं चल पाता। लेकिन, कंपोजिट सिलेंडर पारदर्शी हैं। यानी आपको बाहर से पता चल जाएगा कि गैस की मात्रा कितनी है। धोखा खाने का सवाल ही नहीं है। इसकी तीसरी विशेषता है कि यह परंपरागत सिलेंडरों से देखने में सुंदर हैं। यानी इसे मॉडर्न किचन के हिसाब से बनाया गया है।

एलपीजी कंपोजिट सिलेंडर किस चीज की बना है ?
कंपोजिट सिलेंडर को तीन लेयर में बनाया गया है। सबसे भीतरी हिस्सा हाई-डेनसिटी पॉलिथीन से बना है। बीच वाली परत पर पॉलिमर से बनी फाइबरग्लास कोटेड है। बाहरी परत भी हाई-डेनसिटी पॉलिथीन से बनाई गई है। यानी यह सिलेंडर स्टील के नहीं होने के बावजूद पूरी तरह से सुरक्षित है। लेकिन, परंपरागत स्टील वाले सिलेंडर से यह 50% कम वजनी है।

कंपोजिट सिलेंडर के दाम और वजन
कंपोजिट सिलेंडर दो तरह के वजन में उपलब्ध हैं- 5 किलो और 10 किलो। 10 किलो वाले स्मार्ट सिलेंडर के लिए आपको एजेंसी में 3,350 रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा करने होंगे और 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए 2,150 रुपये देने होंगे। अगर आप इंडेन के मौजूदा उपभोक्ता हैं और अपने किचन में स्मार्ट सिलेंडर रखना चाहते हैं तो आप पुराने स्टील वाले सिलेंडर से इसे बदल सकते हैं।

पुराने सिलेंडर को कैसे बनाएं स्मार्ट
स्मार्ट सिलेंडर लगाने के लिए इंडेन के पुराने उपभोक्ताओं को अपने एलपीजी कनेक्शन से जुड़े कागजात और सिलेंडरों के साथ अपनी गैस एजेंसी में जाना होगा। तब गैस एजेंसी कंपोजिट सिलेंडर के लिए निर्धारित सिक्योरिटी की रकम में से आपकी ओर से पहले से जमा की हुई राशि घटा देगी और जो भी अंतर आएगा उसे आपको जमा करना होगा। मतलब आप अगर इंडेन के पुराने ग्राहक हैं और एक सिलेंडर के लिए बतौर सिक्योरिटी 1,850 रुपये जमा कर रखा है, तो आपको 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर के लिए 3,350 रुपये-1,850 रुपये = 1,500 रुपये जमा करने होंगे। इसी तरह यदि आपको 5 किलो वाला कंपोजिट सिलेंडर चाहिए तो 2,150 रुपये- 1,850 रुपये = 300 रुपये जमा करने होंगे।

28 शहरों में शुरू हो चुकी है सुविधा
अभी देश के सिर्फ 28 शहरों में यह सुविधा शुरू की गई है। इनमें दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जयपुर, लुधियाना, जालंधर, संगरूर,चंडीगढ़, इलाहाबाद, वाराणसी, अहमदाबाद, सूरत, अजमेर,बेंगलुरु, भुवनेश्वर,चेन्नई, दार्जिलिंग, कोयम्बटूर, हैदराबाद, जमशेदपुर, मैसूर,पटना, रायपुर, रांची, तिरुचिराप्पल्ली,तिरुवल्लूर, तुमकुर और विशाखापट्टनम शामिल हैं। बाकी शहरों में भी कंपोजिट सिलेंडर की सप्लाई धीरे-धीरे शुरू की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications