VIDEO: असम में चक्रवात से पहले दिखा टॉरनेडो, उड़ा ले गया लोगों की छतें और सामान
गुवाहाटी, 07 मई: असम के बारपेटा जिले में शनिवार को कम तीव्रता का टॉरनेडो देखा गया। जिसने वहां के लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। लोगों ने अपने-अपने फोन में इस दुर्लभ मौसम की घटना को कैद किया। तेज रफ्तार से आए इस बवंडर की चपेट में जो आया उसे वह उड़ा ले गया। जिसके चलते लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है।

गुवाहाटी में मौसम विज्ञान विभाग के डिप्टी डायरेक्टर संजय ओ'नील शॉ ने ईस्टमोजो को बताया, 'शनिवार को असम के बारपेटा के चेंगा जिले में एक कम तीव्रता वाला टॉरनेडो आया, लेकिन यह एक चक्रवात नहीं है।' डिप्टी डायरेक्टर ने इसे एक दुर्लभ घटना बताया है। बता दें कि आमतौर पर अमेरिकी महाद्वीप में टॉरनेडो देखने को मिलते हैं। लेकिन भारत के पूर्वी हिस्से में कम तीब्रता के टॉरनेडो का आना मौसम विज्ञानियों को हैरानी में डाल रहा है।
इस अद्भुत घटना को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में धान की फसल, पेड़ और कुछ झोपड़ियों को उखड़ते हुए देखा जा सकता है। इस बीच खेतों पर पड़े अनाज और लोगों के घरों की अस्थाई छतें भी उड़ गईं। अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है। लोगों ने कहा कि चक्रवात आसानी का असर असम में नजर आया। हालांकि मौसम विज्ञानी इससे इनकार करते हैं।
पिछले एक महीने में असम में भयंकर तूफान और बिजली गिरने की कई घटनाएं हुई हैं। राज्य में बिजली गिरने या तूफान से कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में यलो अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान असानी का असर ओडिशा के अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश, झारखंड, उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications