ऑनलाइन फर्जी स्कीम चलाने के आरोप में तीन चीनी नागरिकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
गृह मंत्रालय ने तीन चीनी नागरिकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। यह लुकआउट नोटिस गृह मंत्रालय के द ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से जारी किया गया है। आरोप है कि ये तीनों चीनी नागरिक मेगा ऑनलाइन फर्जी स्कीम चला रहे थे।
यह लुकआउट नोटिस ओडिशा के इंस्पेक्टर जनरल की अपील पर जारी किया गया है। ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन में इकोनॉमिक ऑफेंस विंग के इंस्पेक्टर जनरल जेएन पंकज की अपील पर गृह मंत्रालय की ओर से यह लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

जिन तीन चीनी नागरिकों के खिलाफ यह लुकआउट नोटिस जारी किया गया है उनमे दो पुरुष और एक महिला शामिल है। इनकी पहचान लिऊ हुआन, वेनहुई झेंग और शू झियोलू के तौर पर हुई है। इनके खिलाफ आईपीसी की अलग-अलग धाराओं, आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
ये लोग देशभर में फर्जी ऑनलाइन स्कीम चला रहे थे और भारत से सैकड़ों करोड़ रुपए की राशि को फर्जी बैंक अकाउंट के जरिए बाहर लेकर जा रहे थे। इसके लिए ये लोग फर्जी कंपनियों, क्रिप्टो ट्रेडर्स का भी इस्तेमाल करते थे।
इससे पहले जुलाई माह में भी फर्जी स्कीम के मास्टरमाइंड गुआनहुआ वैंग के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। वह 2019 में भारत आया था और बेंगलुरू में कुछ महीनों के लिए रुका था। इन लोगों ने तकरीबन 14 फर्जी कंपनियां बनाई थीं जिससे कि ये लोग साइबर फर्जीवाड़ा कर सके।
शुरुआत में इनका ध्यान किलर ऑनलाइन लोन ऐप पर था, लेकिन सरकार ने इन ऐप्स पर बैन लगा दिया, जिसके बाद ये लोग बेटिंग ऐप्स और अन्य कमाई करने के नाम पर ठगने वाले ऐप लेकर आ गए।












Click it and Unblock the Notifications