Lok Sabha Security Breach: 'अब अगले आदेश तक दर्शक दीर्घा के लिए नो एंट्री', लोकसभा महासचिव का ऐलान
संसद की सुरक्षा में बुधवार को सेंध लगने के बाद लोकसभा महासचिव ने बडा फैसला लिया है। महासचिव ने सुरक्षा की समीक्षा के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। जिसमें फैसला लिया गया कि अगले आदेश तक दर्शक दीर्घा के लिए कोई पास जारी नहीं किया जाएगा।
इससे पहले, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुरक्षा उल्लंघन की घटना पर राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात की और उन्होंने सुरक्षा से संबंधित चिंताओं को उठाने वाले विपक्षी नेताओं से सहमति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों के निजी सहायकों को पास जारी करने से संबंधित मामले की भी जिम्मेदारी संभाल ली है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, आज संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर दो युवक अचानक दर्शक दीर्घा से कूदकर सांसदों की बेंच पर आ गए। नारेबाजी करते हुए कलर गैस स्प्रे करना शुरू कर दिया। हालांकि, सांसदों ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरी तरफ, संसद के बाद एक महिला और एक युवक ने कलर स्प्रे कर नारेबाजी की। इस तरह के प्रदर्शन पर पुलिस ने सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोप में चारों को हिरासत में लिया है। हालांकि , पुलिस की जांच में एक गहरी साजिश का राजफाश हुआ। जिसमें पता चला कि 6 लोगों ने मिलकर संसद की सुरक्षा में सेंध लगाई है। दो अन्य की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications