लोकसभा चुनाव: करीब 80,000 नेता, कार्यकर्ता बीजेपी में हुए शामिल, 'अबकी बार 400 पार' के लिए क्या है टारगेट?
Lok Sabha Elections News 2024: लोकसभा चुनावों से पहले देशभर में करीब 80,000 नेता और कार्यकर्ता दूसरे दलों से बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। बीजेपी ने इस बार पार्टी के लिए 370 और एनडीए के लिए 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी मिशन के तहत लगातार पार्टी अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करा रही है।
भारतीय जनता पार्टी ने 2024 में लगातार तीसरी जीत के लिए कई तरह की रणनीतियां बनाई हैं। पार्टी खुद के दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है। लेकिन, फिर भी दूसरे दलों से नेताओं और कार्यकर्ताओं को बीजेपी में शामिल कराने के लिए ज्वानिंग कमेटियां भी बनाई हैं।

अबतक 80,000 नेता, कार्यकर्ता हुए बीजेपी में शामिल
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी की इन ज्वानिंग कमेटियों ने देशभर में दूसरी पार्टियों के अबतक करीब 80,000 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने में सफलता हासिल की है। इतनी बड़ी तादाद में दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होने वाले नेता सिर्फ राष्ट्रीय स्तर के ही नहीं हैं, बल्कि जिलास्तर पर भी इस मिशन को लगातार अंजाम दिया जा रहा है।
दूसरे दलों के कई बड़े नेता हुए बीजेपी के
लोकसभा चुनावों से ठीक पहले देशभर में जिन प्रमुख नेताओं ने अपनी पार्टियों से इस्तीफा देकर भाजपा का 'कमल' थामा है, उनमें कई पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और उनके परिवार के लोग भी शामिल हैं। ये नेता अलग-अलग दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए हैं।
दूसरे दलों के कई पूर्व सीएम भी भाजपा के हो गए
इन प्रमुख नेताओं में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी, पंजाब के पूर्व सीएम और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर शामिल हैं। इनके अलावा बीएसपी सांसद रितेश पांडे और संगीता आजाद भी हाल ही में बीजेपी में आए हैं।
कांग्रेस पार्टी को सबसे ज्यादा लगा है झटका
वहीं लालचंद कटारिया, सुरेश पचौरी, ज्योति मिर्धा, अर्जुन मोढवाडिया और रवनीत सिंह बिट्टू जैसे कांग्रेसी दिग्गजों ने भी भाजपा को अपनी पार्टी के रूप में अपना लिया है। वहीं टीएमसी के अर्जुन सिंह, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वी वरप्रसाद राव और आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल जैसे नेताओं ने भी भाजपा का 'कमल' थाम लिया है।
भाजपा के दिग्गज संभाल रहे हैं ज्वानिंग कमेटियों की जिम्मेदारी
बीजेपी ने दूसरे दलों के नेताओं को शामिल करने के लिए जो ज्वाइनिंग कमेटी बनाई है, उसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पश्चिम भारत के संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री और पटना साहिब से भाजपा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद पूर्वी भारत की जिम्मेदारी निभा रहे हैं तो तिरुवनंतपुरम से पार्टी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को दक्षिण भारत का उत्तरदायित्व मिला हुआ है।
इसी तरह से केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी अनुराग ठाकुर उत्तर भारत और राजस्थान की अलवर लोकसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे भूपेंद्र यादव मध्य भारत की ज्वानिंग कमेटी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
एक लाख नेता, कार्यकर्ताओं को शामिल करने का है टारगेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भाजपा और एनडीए की सीटों का लक्ष्य बहुत ही विशाल रखा है, इसको लेकर सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनावों तक करीब 1 लाख नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। (इनपुट-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications