आज हुए लोकसभा चुनाव तो दक्षिण भारत के किन राज्यों में खिलेगा 'कमल', क्या केरल में चल गया मोदी का जादू?-सर्वे
Lok Sabha Elections 2024 Opinion Poll: लोकसभा चुनावों की तारीखों के एलान का वक्त जैसे-जैसे करीब आता जा रहा है, जनता भी चुनावी मूड में रंगती जा रही है और चुनाव से पहले के सर्वेक्षणों से उसके रुझानों का अंदाजा भी मिलने लगा है।
यहां हम दक्षिण भारतीय राज्यों में जनता के मूड को भांपने जा रहे हैं। यह देखना जरूरी है कि क्या दक्षिण भारत के मतदाता बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को 400 सीटों का आंकड़ा पार कराने के लिए तैयार हैं या फिर इन राज्यों से अभी भी उसके लिए दिल्ली दूर ही है।

दक्षिण भारत में 'इंडिया' और 'एनडीए' की जीत कहां होगी?
इसी तरह से यह देखना भी दिलचस्प है कि क्या अबकी बार भी दक्षिण भारतीय राज्य ही कांग्रेस की लाज बचाने के लिए आगे आएंगे। क्योंकि खुद इंडिया ब्लॉक में उसकी अपनी सहयोगी टीएमसी ने ही उसे 40 सीटें मिल पाने पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।
दक्षिण भारतीय राज्यों के वोटरों के मन को परखने के लिए इंडिया टुडे-सी वोटर ने 'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे किया है, जिसके नतीजे काफी चौंकाने वाले लग रहे हैं।
तमिलनाडु में इंडिया ब्लॉक करेगा धमाका-सर्वे
इस सर्वे के मुताबिक तमिलनाडु में इंडिया ब्लॉक एक बार फिर से क्लीनस्विप करता नजर आ रहा है। जबकि, बीजेपी की उम्मीद इस बार भी यहां हताशा में बदलती नजर आ सकती है।
तमिलनाडु कुल सीट-39
डीएमके-31
कांग्रेस- 8
एआईएडीएमके-शून्य
एनडीए- शून्य
इस सर्वे के अनुसार राज्य में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को सिर्फ 15% वोट शेयर आने का अनुमान है। जबकि, इंडिया ब्लॉक का वोट शेयर 47% रह सकता है। अन्य राजनीतिक दलों को 38% वोट मिल सकते हैं।
भाजपा के लिए अच्छी खबर ये है कि यहां एनडीए का वोट शेयर पिछली बार के मुकाबले 3% बढ़ सकता है, जबकि इंडिया ब्लॉक का वोट शेयर 6% घट सकता है। पिछली बार भी राज्य की सारी सीटें इंडिया ब्लॉक के खाते में ही गई थी।
कर्नाटक में फिर खिलेगा 'कमल'- सर्वे
अगर इस सर्वे पर यकीन करें तो कर्नाटक में बीजेपी की अगुवाई में एनडीए को फिर से बड़ी बढ़त मिलने की संभावना है, लेकिन जीत का ग्राफ गिर सकता है। वहीं कांग्रेस को पिछली बार से नफा हो सकता है।
कर्नाटक- कुल सीट 28
बीजेपी गठबंधन- 24
कांग्रेस- 4
पिछली बार कांग्रेस को कर्नाटक में सिर्फ 1 सीट मिली थी। जबकि, बीजेपी अकेले 25 सीटें जीत गई थी। पिछली बार कांग्रेस का जेडीएस के साथ गठबंधन था और अब वह बीजेपी के साथ है।
हालांकि, इस सर्वे में कर्नाटक में वोट शेयर का आंकड़ा बड़ा ही दिलचस्प है। एनडीए को पिछली बार की तरह ही 53% वोट मिलने की उम्मीद है, कांग्रेस का वोट शेयर 42% पर कायम रहेगा और अन्य को 5% वोट मिलने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश में बाजी पलटने का अनुमान- सर्वे
आंध्र प्रदेश में इस बार के लोकसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी का करिश्मा फीका पड़ सकता है। जबकि, चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी वापस अपनी चमक प्राप्त कर सकती है।
आंध्र प्रदेश कुल सीट- 25
टीडीपी- 17
वाईएसआरसीपी- 8
इस सर्वे के अनुसार आंध्र प्रदेश में इस बार राज्य में सत्ताधारी जगन मोहन रेड्डी की पार्टी को 14 सीटों का नुकसान हो सकता है। जबकि, टीडीपी को 14 सीटों का फायदा हो सकता है। बाकी इंडिया ब्लॉक की कांग्रेस और एनडीए की बीजेपी पिछली बार भी खाली हाथ थी और इस बार भी खाली हाथ ही रहने का अनुमान है।
वैसे टीडीपी के फिर से एनडीए में वापसी की चर्चाएं हैं और अगर यह हो गया तो एनडीए के लिए 400 सीटें जीतने वाले भाजपा के मंसूबे को नई बुलंदियां जरूर मिल सकती हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस को जबर्दस्त फायदा- सर्वे
तेलंगाना में पिछले साल दिसंबर में ही विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस सत्ता में आई है और लगता है कि प्रदेश के मतदाताओं का वही मूड अभी भी बरकरार है। यहां पिछली बार के मुकाबले बीआरएस को सबसे ज्यादा 6 सीटों का नुकसान दिख रहा है, वहीं बीजेपी की भी 1 सीट कम हो सकती है।
तेलंगाना कुल सीट- 17
कांग्रेस- 10
बीजेपी- 3
बीआरएस- 3
एआईएमआईएम-1
तेलंगाना में 2019 के मुकाबले कांग्रेस को 7 सीटों का फायदा मिलने का अनुमान है। इस सर्वे के अनुसार राज्य में कांग्रेस को 41.2% वोट मिलने की संभावना है। वहीं बीआरएस को 29.1% मिल सकते हैं। हालांकि, भाजपा को भी 21.1% वोट मिलने का अनुमान है।
केरल में फिर नहीं खिलेगा 'कमल'- सर्वे
इस सर्वे की मानें तो बीजेपी का केरल में पहला 'कमल' खिलाने का सपना अभी भी सपना ही रहने वाला है। राज्य में सत्ताधारी सीपीएम की अगुवाई वाला एलडीएफ और विपक्षी कांग्रेस की अगुवाई वाला यूडीएफ दोनों ही गठबंधन इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं।
सर्वे में केरल के नतीजे में एलडीएफ और यूडीएफ दोनों के नतीजे साथ में दिखाए गए हैं, जबकि दोनों गठबंधन चुनाव में पूरी तरह से आमने-सामने नजर आने वाले हैं।
इस सर्वे के अनुसार राज्य की सभी 20 सीटें इंडिया ब्लॉक को ही मिलने जा रही हैं और तमाम कोशिशों के बावजूद एनडीए का हाथ खाली ही रहने की संभावना है।
हालांकि, बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को यहां वोट शेयर में जरूर फायदा मिलने की संभावना जताई गई है। यह पिछली बार के 15% से बढ़कर अबकी बार 17% तक जा सकता है। जबकि, इंडिया ब्लॉक का वोट शेयर 83% से कम होकर 78% तक पहुंचने का अनुमान है।
इस सर्वे में 35,801 लोगों के जवाब को शामिल करने का दावा किया गया है, जो कि 15 दिसंबर, 2023 से लेकर 28 जनवरी, 2024 तक जुटाए गए हैं। हम आपको बता दें कि यह सिर्फ चुनाव से पहले हुए सर्वेक्षण का नतीजा है, असली चुनाव परिणाम असल मतदान के बाद ही सामने आ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications