आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में मतदान के दौरान हिंसा, टीडीपी और वाइएसआर नेता की मौत
अमरावती। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के मीरापुरम गांव में मतदान के दौरान हिंसा में टीडीपी नेता सिद्धा भास्कर रेड्डी और वाईएसआर कांग्रेस कार्यकर्ता पुल्ला रेड्डी की मौत हो गई है। दोनों पार्टियों के नेताओं ने एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाया है। तदिपत्री विधानसभा क्षेत्र के इस गांव में टीडीपी और वाईएसआर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पत्थरबाजी और भारी हिंसा हुई है। दोनों ही तरफ से पार्टी कार्यकर्ता एक दूसरे पर पत्थरबाजी कर रहे थे। कई लोग घायल भी हुए हैं।

आंध्र में वहीं कई जगहों टीडीपी और वाइएसआर कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा है। आंध्र प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष कोडेला शिवप्रसाद राव समेत 10 लोगों के हिंसा में घायल होने की खबर है। नरसरावपेट विधानसभा क्षेत्र से वाईएसआर के प्रत्याशी गोपीरेड्डी श्रीनिवास रेड्डी ने आरोप लगाया है कि उनकी कार पर गुंटूर जिले के यल्लामांडा गांव में टीडीपी कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस हमले में श्रीनिवास रेड्डी घायल हो गए।
17वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव के पहले चरण के लिए आज (11 अप्रैल) वोटिंग हो रही है। 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदाता अपनी वोट डाल रहे हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में आज ही विधानसभा के लिए भी वोटिंग हो रही है। आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा के लिए भी वोटिंग हो रही है। आम चुनाव 11 अप्रैल से शुरू हुआ है और 19 मई को आखिरी चरण का मतदान है। 23 मई को वोटों की गिनती है।












Click it and Unblock the Notifications