भोपाल में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का ऐलान, 'भाजपा से चुनाव लडूंगी और जीतूंगी भी'
भोपाल में साध्वी प्रज्ञा का ऐलान, 'भाजपा से चुनाव लड़ूंगी और जीतूंगी भी'
भोपाल। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बुधवार को कहा है कि वो भाजपा में शामिल हो गई हैं और लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। मालेगांव विस्फोट मामले में जेल में रहीं और अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को भोपाल में भाजपा के दफ्तर पहुंचीं और भाजपा के सीनियर नेताओं, शिवराज सिंह चौहान, रामलाल और प्रभात झा के साथ मुलाकात की। साध्वी ने शिवराज सिंह समेत सीनियर नेताओं मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली,जिसके बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद चुनाव लड़ने का ऐलान
भोपाल में भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली है और वो चुनाव लड़ेंगी। साध्वी ने कहा कि वो भाजपा के टिकट पर लड़ेंगी भी और जीतेंगी भी। साध्वी को भोपाल सीट से दिग्विजय सिंह के सामने उतारे जाने की चर्चा है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
|
दिग्विजय सिंह के सामने लड़ेंगी प्रज्ञा!
भोपाल सीट से कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को टिकट दिया है। भाजपा ने इस सीट से अभी तक कैंडिडेट के नाम का ऐलान नहीं किया है। साध्वी ने कहा है कि मेरे सामने कोई चुनौती नहीं है, चुनाव लड़ूंगी और जीतूंगी। कुछ समय पहले साध्वी ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ लड़ने के सवाल पर कहा था कि उन्हें दिग्विजय के सामने लड़ने में कोई परेशानी नहीं है। भोपाल लोकसभा सीट पर 12 मई को चुनाव होना है। इसके लिए 16 अप्रैल से नामांकन शुरू हो गया है।
मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं प्रज्ञा
प्रज्ञा सिंह ठाकुर कई गंभीर मामलों में जेल में रह चुकी हैं। 2007 के आरएसएस प्रचारक सुनील जोशी हत्याकांड में प्रज्ञा को आरोपी बनाया गया था। 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव में बम विस्फोट केस में भी प्रज्ञा सिंह ठाकुर जेल में रह चुकी हैं। मालेगांव केस में वो अभियुक्त हैं। प्रज्ञा सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश के भिंड जिले से आती हैं। वह आरएसएस की छात्र इकाई एबीवीपी की सक्रिय सदस्य भी रह चुकी हैं।
क्लिक कर पढ़ें- मध्य प्रदेश से जुड़ी लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज