बीजेपी रैली में हिंसा: राजनाथ सिंह ने ममता बनर्जी से बात कर जताई चिंता
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रैली में हुई हिंसा के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात कर गंभीर चिंता व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से बात कर राजनाथ सिंह ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में अमित शाह की चुनावी रैली के दौरान कार्यकर्ताओं की बसों को तोड़फोड़ की गई थी और कुछ वाहनों को आग को हवाले भी किया गया। बीजेपी ने इसके लिए राज्य की ममता सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि गृहमंत्री ने पूर्वी मिदनापुर जिले में भाजपा अध्यक्ष की रैली में भाग लेने वाले लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन बात की है।
बता दें कि अमित शाह की रैली में पार्किंग में खड़े वाहनों पर हुई तोड़फोड़ के बाद बीजेपी के राहुल सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, 'टीएमसी हमारी ताकत से डर चुकी है इसलिए वे हिंसा को अंजाम दे रहे हैं। दुर्भाग्य से यह सबकुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ। हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा।' इस हमले में तीन लोगों के घायल होने की खबर है।
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांथी में एक स्थानीय टीएमसी पार्टी कार्यालय पर हमला किया और बर्बरता की है।












Click it and Unblock the Notifications