कर्नाटक में बोले राहुल, 500-1000 के नोटों की तरह संविधान को भी खत्म करना चाहते हैं मोदी
कलबुर्गी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी देश के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। सोमवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने नोटबंदी करके 500 और 1000 रुपये के नोट को खत्म किया वैसे ही ये हिंदुस्तान के संविधान को खत्म करना चाहते हैं।

राहुल ने पूछा, भाजपा ने कर्नाटक को क्या दिया
राहुल गांधी ने यहां कहा, हमने कर्नाटका में रोजगार दिया, आर्टिकल 371 से आपको जबरदस्त फायदा हुआ। नरेंद्र मोदी ने क्या दिया? नोटबंदी दी। हिंदुस्तान के इतिहास में किसी ने इस तरह से रोजगार को खत्म नहीं किया था, जैसे मोदी ने किया। इसके बाद जीएसटी की मार भी कमजोर तबके पर पड़ी लेकिन हम पांच टैक्स वाले गब्बर सिंह टैक्स को बदल देंगे और एक टैक्स वाला आसान जीएसटी देंगे तथा भविष्य में छोटे दुकानदारों, छोटे बिजनेस वालों को नुकसान नहीं होने देंगे।

हर आदमी को मिनिमम आमदनी
राहुल ने कहा, नरेंद्र मोदी ने कहा था कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, 15 लाख रुपये अकाउंट में देंगे, लेकिन नहीं दिया। हमने किसानों से कर्जमाफी का वादा किया था, उसे कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पूरा करके दिखाया।हम कहते हैं तो करते हैं। अब हमने फैसला किया है कि हम हिंदुस्तान के हर आदमी को गारंटी करके मिनिमम आमदनी देने जा रहे हैं। ।

मनोहर पर्रिकर को दी श्रद्धांजलि
राहुल गांधी ने कहा, 2014 में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि मुझे प्रधानमंत्री बनाओ, मैं चौकीदार बनूंगा। मोदी जी ने चौकीदारी तो की लेकिन नीरव मोदी, अनिल अंबानी, मेहुल चोकसी, ललित मोदी, विजय माल्या की चौकीदारी की। नरेंद्र मोदी दो हिंदुस्तान बनाना चाहते हैं, एक किसानों का और दूसरा नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे उद्योगपतियों का। वो बड़े उद्योगपतियों को बड़ी-बड़ी सुविधाएं देते हैं, लेकिन गरीबों के लिए कोई सुविधा नहीं है। हमें ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हमें एक हिंदुस्तान होना चाहिए। जहां सभी को एक बराबर सुविधाएं होनी चाहिए।
अपना भाषण शुरू करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद नेताओं के साथ मनोहर पर्रिकर को याद किया और अपने संबोधित से पहले गोवा सीएम के लिए दो मिनट का मौन रखा। मनोहर पर्रिकर का रविवार को देहांत हो गया था। राहुल ने ट्वीट करके भी पर्रिकर को याद किया है।












Click it and Unblock the Notifications