प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी की दुर्योधन से की तुलना, बोलीं- जब नाश मनुज पर छाता है..पहले विवेक मर जाता है
नई दिल्ली। पीएम मोदी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को 'भ्रष्टाचारी नंबर 1' कहने पर जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बयान के बाद कांग्रेस के नेता पीएम मोदी (Narendra Modi) पर तीखे हमले कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना दुर्योधन से कर दी। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस देश ने कभी अहंकार और घमंड को माफ नहीं किया।

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी की दुर्योधन से की तुलना
लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान हरियाणा के अंबाला पहुंची प्रियंका गांधी ने एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव के प्रचार में बीजेपी के नेता कभी ये नहीं कहते कि उन्होंने जो वादे किए थे वो पूरे किए या नहीं। वे कभी शहीदों के नाम पर वोट मांगते है, तो कभी मेरे परिवार के शहीद सदस्यों का अपमान करते हैं। बता दें कि पूर्व पीएम राजीव गांधी को लेकर दिए गए बयान के बाद पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस ने हमले और तेज कर दिए हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि वे आपकी जरूरतों की बात नहीं करते, बीजेपी के नेता ये कभी नहीं कहते कि जनता की क्या समस्याएं हैं।
ये भी पढ़ें: हरियाणा लोकसभा चुनाव 2019 की हर खबर
देश ने कभी अहंकार और घमंड को माफ नहीं किया- प्रियंका
अंबाला में सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, 'ये अपनी असफलता छिपाने के लिए लोगों को ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। इस देश ने कभी अहंकार और घमंड को माफ नहीं किया है। देश इसका गवाह है, महाभारत इसका गवाह है। प्रियंका गांधी ने कहा कि ऐसा अहंकार दुर्योधन में भी था, जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने गए तो उनको भी दुर्योधन ने बंधक बनाने की कोशिश की थी।'

पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने इस दौरान रामधारी सिंह 'दिनकर' की कुछ पंक्तियां सुनाईं और बिना नाम लिए पीएम मोदी पर निशाना साधा...'जब नाश मनुज पर छाता है पहले विवेक मर जाता है। हरि ने भीषण हुंकार किया, अपना स्वरूप-विस्तार किया, डगमग-डगमग दिग्गज डोले, भगवान कुपित होकर बोले, जंजीर बढ़ा कर साध मुझे, हां, हां दुर्योधन! बांध मुझे।' प्रियंका गांधी ने कहा कि जब 2014 में सरकार बनी और उनको भारी बहुमत मिला तो जनता की उनसे काफी उम्मीदें थीं। लेकिन पिछले 5 सालों में जनता के लिए इन्होंने क्या किया, वो आपने देखा है। रोजगार घट गए, नोटबंदी के कारण अकेले 5 लाख रोजगार कम हो गए। इस सरकार ने मनरेगा को तबाह किया, जो काम मजदूरों से कराए जाते थे, वह अब जेसीबी से कराया जाने लगा है।









Click it and Unblock the Notifications