मोदी का ममता पर तंज, कहा- 'ऑक्शन में नहीं है पीएम का पद जो सारदा-नारदा के पैसों से खरीदा जा सके'
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचे थे जहां उन्होंने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। ओडिशा में पीएम मोदी ने एक तरफ सीएम नवीन पटनायक और उनकी पार्टी पर निशाना साधा तो वहीं, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पीएम मोदी के निशाने पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रहीं।

ओडिशा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा का विकास करने के बजाय बीजू जनता दल के नेता कोयले की खदानों से लेकर चिटफंड तक में नोट बटोरने में ही जुटे रहे। उन्होंने कहा कि गरीबों को लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने नवीन पटनायक पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार को ओडिशा से जाना होगा, यहां बीजेपी आएगी। पीएम मोदी ने कहा कि BJD ने भ्रष्टाचार के दानव को दाना-पानी दे कर विकराल बना दिया है।
दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पीएम मोदी ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि टीएमसी की आज ये स्थिति हो गई है कि रैलियों में लोग नहीं आ रहे हैं तो विदेशों से फिल्मी कलाकार बुलाने पड़ रहे हैं। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री पद को लेकर जारी बहस के बीच टीएमसी प्रमुख और कांग्रेस पर हमला बोला।
ये भी पढ़ें: पढ़ें लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज
पीएम मोदी ने कहा कि मुट्ठी भर सीटों पर लड़कर 'दीदी' प्रधानमंत्री बनने का सपना भी देख रही हैं। अगर ऑक्शन से प्रधानमंत्री का पद मिल जाता तो दीदी और कांग्रेस ने जो माल लुटा है वो लेकर ये ऑक्शन में आ जाते। उन्होंने कहा कि नारदा, सारदा, रोजवैली सिर्फ घोटाले नहीं बल्कि गरीबों के जीवन के साथ किया गया बहुत बड़ा अपराध है। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री जब सरेआम गरीबों को लूटने वालों के पक्ष में खड़ा हो जाए, तो स्थिति आप समझ ही सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications