राहुल गांधी की शुभकामनाओं का मोदी ने दिया ये जवाब
भाजपा की प्रचंड जीत के बाद किए गए राहुल गांधी के ट्वीट पर अब पीएम मोदी ने जवाब दिया है।
Recommended Video
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव का परिणाम आ चुका है और भारतीय जनता पार्टी ने 'मोदी लहर' पर सवार होकर चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए पार्टी और देश के इतिहास में एक नई इबारत लिख दी है। अकेले दम पर बहुमत का आंकड़ा छूने वाली भाजपा ने देश में 'एक बार फिर मोदी सरकार' की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 300 से भी ज्यादा सीटें मिली हैं और 17 राज्यों में कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई। कांग्रेस के 9 पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव हार गए। पीएम मोदी की इस प्रचंड जीत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर उन्हें जीत की बधाई दी। राहुल गांधी के ट्वीट पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाब दिया है।

पीएम ने दिया ये जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के शुभकामनाओं वाले ट्वीट पर जवाब देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, 'आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद राहुल गांधी।' आपको बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, 'मैं देश की जनता के फैसले को स्वीकार करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए और जीतने वाले सांसदो को बधाई।' गौरतलब है कि राहुल गांधी खुद खुद भी यूपी की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। अमेठी लोकसभा सीट कांग्रेस परिवार का गढ़ मानी जाती रही है। अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को शिकस्त देते हुए 54731 वोटों से जीत हासिल की है। स्मृति ईरानी को 467598 और राहुल गांधी को 412867 वोट मिले हैं।
9 पूर्व मुख्यमंत्री हारे चुनाव
हालांकि राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीते हैं। वायनाड में राहुल गांधी को 431063 वोटों से जीत मिली है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का 17 राज्यों में खाता भी नहीं खुला है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के कई दिग्गज नेताओं समेत 9 पूर्व मुख्यमंत्री भी चुनाव हार गए हैं। मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली में शीला दीक्षित, उत्तराखंड में हरीश रावत, हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, महाराष्ट्र में अशोक चव्हाण समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है। हार के बाद कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में पार्टी में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

राज बब्बर ने भेजा इस्तीफा
इससे पहले गुरुवार शाम को खबर आई थी कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। हालांकि बाद में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस खबर का खंडन करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश नहीं की है। यह खबर पूरी तरह बेबुनियाद है। वहीं, राहुल ने चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। उन्होंने कहा कि वो अपनी हार स्वीकार करते हैं और कांग्रेस की विचारधारा की लड़ाई लड़ते रहेंगे। वहीं, यूपी में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications