मोदी को खिलाएंगे कंकड़-पत्थर के लड्डू, टूट जाएंगे उनके दांत: ममता बनर्जी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आसनसोल में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी को ऐसे लड्डू खिलाए जाएंगे, जो उनके दांत तोड़ देंगे। बनर्जी ने कहा, मोदी चुनाव से पहले कभी पश्चिम बंगाल नहीं आए और अब चुनाव आया है तो लोगों से वोट मांग रहे हैं। हम उन्हें बंगाल से रसगुल्ला देंगे। हम मिठाई बनाएंगे और उसमें कंकड़ डालेंगे जैसे लड्डू में काजू और किशमिश का इस्तेमाल किया जाता है। इस मिठाई को खाने के बाद उनके दांत टूट जाएंगे।

हम मेहमान का रसगुल्ला देकर स्वागत करते हैं: बनर्जी
हाल ही में एक इंटरव्यू में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री उन्हें हर साल कुर्ते और मिठाईयां भेजा करती हैं। मोदी के बयान पर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी कई बार मोदी पर तंज कर चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि रसगुल्ले और उपहार के साथ मेहमानों का स्वागत करते हैं, ये हमारी तहजीब है लेकिन भाजपा ध्यान कर ले कि एक भी वोट नहीं मिलेगा।

'भाजपा को बस रसगुल्ला ही मिलेगा'
ममता बनर्जी ने शुक्रवार को, जेटली के इस चुनाव में पश्चिम, बंगाल से चौंकाने वाले नतीजे आने की बात पर भी तंज कसा। ममता बनर्जी ने बालुरघाट में कहा, वित्तमंत्री ने कहा कि बंगाल के नतीजे चौकाएंगे। मैं कहती हूं कि बंगाल में भाजपा रसगुल्ला और राजभोग पाकर चकित रहेंगे। यहां से भाजपा को सिर्फ रसगुल्ला (शून्य) मिलेगा।

ममता बनर्जी के लिए ये बोले थे मोदी
अभिनेता अक्षय कुमार के साथ इंटरव्यू में ममता बनर्जी को लेकर हुए एक सवाल में नरेंद्र मोदी ने कहा था, लोग हैरान हो जाएंगे। ये चुनाव का मौसम है मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए, लेकिन ममता बनर्जी हर साल मुझे गिफ्ट भेजती हैं। वो आज भी मुझे एक या दो कुर्ते भेजती हैं। वहीं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना हर साल नई तरह की मिठाई भेजती हैं।
पढ़ें- पश्चिम बंगाल की सभी सीटों से जुड़ी लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications