भाजपा प्रत्याशी बोले- चुनाव के वक्त देवदर्शन को मत जाना, मैं ही तुम्हारा भगवान हूं
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सोलापुर से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जय सिद्धेश्वर स्वामी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को ही भगवान बता दिया। उन्होंने वोट मांगते हुए कहा कि भगवान तुम्हारी बात नहीं सुनेंगे, मैं ही तुम्हारा भगवान हूं, ऐसे में चुनाव के वक्त देवदर्शन को मत जाना, वहां कुछ नहीं मिलेगा।

देवदर्शन के लिए मत चले जाना
भाजपा उम्मीदवार जय सिद्धेश्वर स्वामी ने अपने भाषण में कहा, छुट्टियों के सीजन में चुनाव हो रहे हैं इसलिए देवदर्शन के लिए मत चले जाना। कहीं कोई भगवान तुमसे बात नहीं करेंगे। मैं ही तुम्हारा बोलने वाला भगवान हूं। अगर तुम दर्शन करने गए, तो तुम्हें पुण्य नहीं मिलेगा, भगवान नहीं मिलेगा, तुम्हें उल्टे पैर लौटना होगा। तुम्हारे पैसे खर्च होंगे, तुम्हें समाधान भी नहीं मिलेगा। इसलिए मेरा ख्याल रखो बस।

हॉट सीट बनी सोलापुर
जयसिद्धेश्वर स्वामी लिंगायत समाज के धर्मगुरु हैं। वो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र की सोलापुर सीट पर उनके सामने कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे कैंडिडेट हैं, जो पहले भी इस सीट से सांसद रहे हैं तो वंचित बहुजन अघाड़ी के बैनर तले दलित नेता प्रकाश आंबेडकर भी इसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में इस सीट पर सभी की नजरें हैं।

महाराष्ट्र में चार चरण में मतदान
महाराष्ट्र की 48 सीटों पर 11 अप्रैल (पहले चरण) से 29 अप्रैल (चौथा चरण) तक चुनाव होने हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच है। इसके अलावा वंचित बहुजन अघाड़ी के बैनर तले दलित नेता प्रकाश आंबेडकर भी कई पार्टियों का गठजोड़ कर चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications