लोकसभा चुनाव: टिकट कटने के खफा पूर्व मंत्री केवी थॉमस, सोनिया का संदेश लेकर पहुंचे पटेल
नई दिल्ली। कांग्रेस ने केरल की एर्नाकुलम सीट से वर्तमान सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री केवी थॉमस का टिकट काट दिया है। टिकट कटने के बाद थॉमस ने गुस्से का इजहार किया है। उनकी पार्टी छोड़ने की भी चर्चाएं है, जिसके बाद सोनिया गांधी ने उनको मनाने की कोशिशें शुरू की हैं। बताया गया है कि सोनिया ने पार्टी नेता अहमद पटेल और मुकुल वासनिक को थॉमस से मुलाकात करने को कहा है।

सोनिया की कोशिश पार्टी में बने रहें थॉमस
ऐसी चर्चाएं हैं कि सोनिया गांधी ने थॉमस के पास संदेश भिजवा दिया है। गांधी ने थॉमस से जल्दीबाजी में फैसला ना लेने और पार्टी नेतृत्व पर भरोसा रखने को कहा है।
कांग्रेस ने शनिवार देर शाम 27 प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट जारी की है। इनमें 12 केरल सात यूपी पांच छत्तीसगढ़ दो अरुणाचल प्रदेश और एक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के हैं। पार्टी ने केरल की एर्नाकुलम सीट से वर्तमान सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री केवी थॉमस का टिकट काट दिया है। केवी थॉमस के स्थान पर एर्नाकुलम से वर्तमान विधायक हिबी ईडन को प्रत्याशी बनाया है। थॉमस पांच बार एर्नाकुलम लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

आलाकमान से नाराज हैं थॉमस
टिकट ने मिलने पर थॉमस ने सख्त शब्दों में इस पर एतराज जताया है। उन्होंने कहा, मैं स्तब्ध और ठगा हुआ महसूस कर रहा हूं। मेरे साथ अन्याय हुआ है। मैं रिटायर नहीं हो रहा, मैं सक्रिय राजनीति में रहूंगा। मुझे नहीं पता कि मैंने क्या गलती की। हालांकि उन्होंने सोनिया को शुक्रिया कहा है। उन्होंने कहा, वह हमेशा सोनिया गांधी के आभारी रहेंगे, जिन्होंने उन्हें यूपीए सरकार में मंत्री और एनडीए शासन के दौरान लोकलेखा समिति का अध्यक्ष बनाया।

केरल में 16 सीटों पर लड़ रही कांग्रेस
केरल की 20 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 16 पर चुनाव लड़ रही है, जबकि चार सहयोगियों के लिए छोड़ी हैं। पार्टी ने यहां से 12 पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। चार सीटों पर अभी कांग्रेस का अपने प्रत्याशियों का ऐलान करना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications