लोकसभा चुनाव से पहले लालू की पार्टी को बड़ा झटका, RJD की प्रदेश अध्यक्ष BJP में शामिल
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी प्रमुख सियासी दल रणनीतिक तैयारी में जुटे हुए हैं। इस बीच लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को झारखंड में बड़ा झटका लगा है। झारखंड में आरजेडी की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी सोमवार को बीजेपी में शामिल हो गईं। राजधानी दिल्ली में अन्नपूर्णा देवी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जानकारी के मुताबिक उन्होंने ये फैसला झारखंड में महागठबंधन के बीच सीटों को लेकर फंसे पेंच की वजह से उठाया।

लालू प्रसाद यादव की बेहद विश्वासपात्र अन्नपूर्णा देवी अब बीजेपी में
अन्नपूर्णा देवी का आरजेडी छोड़कर बीजेपी में जाना पार्टी के लिए इसलिए बड़ा झटका है क्योंकि अन्नपूर्णा देवी, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेहद विश्वासपात्र थीं। यही वजह है कि पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि अन्नपूर्णा देवी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी खबरें आ रही थीं कि वो पार्टी छोड़ सकती हैं। सोमवार को उन्होंने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
अमित शाह की उपस्थिति में बीजेपी का थामा दामन
जिस समय अन्नपूर्णा देवी ने बीजेपी का दामन थामा उस समय झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी दिल्ली पहुंचे हुए थे। इससे पहले रविवार को अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की थी। उस समय उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान और मनोज भुइंया भी थे। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थित में हुई दिग्गज नेताओं की बातचीत में यह तय हो गया था कि अन्नपूर्णा देवी बीजेपी में शामिल हो रही हैं।

आरजेडी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष थीं अन्नपूर्णा देवी
कहा ये भी जा रहा है कि अन्नपूर्णा देवी बीजेपी के टिकट पर चतरा या फिर कोडरमा से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। इस बात के कयास इसलिए भी लग रहे हैं क्योंकि बीजेपी ने इन सीटों पर अपने कैंडिडेट की घोषणा नहीं की है। बता दें कि अन्नपूर्णा देवी कोडरमा विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी की विधायक रह चुकी हैं। उनके पति स्व. रमेश यादव अविभाजित बिहार में लालू प्रसाद यादव के साथ मंत्री रह चुके थे। अन्नपूर्णा देवी के साथ आरजेडी के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पहले अन्नपूर्णा देवी ने आरजेडी अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications