AAP उम्मीदवार राघव चड्ढा के समर्थन में उतरीं अभिनेत्री गुल पनाग, बुलेट पर बिठाकर किया चुनाव प्रचार
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 अब दो चरणों का मतदान और बाकी है। इन दो चरणों में राजधानी दिल्ली भी शामिल है, जहां छठवें फेज में 12 मई को मतदान है। दिल्ली की लोकसभा सीटों पर चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने जोरआजमाईश तेज कर दी है। पार्टी के दिग्गज नेता जहां लगातार रोड-शो, रैली और पदयात्रा के जरिए दिल्ली की जनता के बीच पहुंच रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी के समर्थन में कई बॉलीवुड सितारे भी चुनाव प्रचार के लिए उतर आए हैं। इनमें बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के साथ-साथ गुल पनाग भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार करने पहुंची। जहां स्वरा भास्कर ने पूर्वी दिल्ली से AAP उम्मीदवार आतिशी के लिए वोट मांगे, वहीं गुल पनाग ने AAP उम्मीदवार राघव चड्ढा के लिए दक्षिणी दिल्ली में चुनाव प्रचार किया।
गुल पनाग ने राघव चड्ढा के पक्ष में मांगे वोट
फिल्म अभिनेत्री गुल पनाग मंगलवार को जब AAP उम्मीदवार राघव चड्ढा के लिए चुनाव प्रचार करने उतरीं तो उनका अंदाज बेहद खास था। उन्होंने बाकायदा अपनी बुलेट पर राघव चड्ढा को बिठाया और दक्षिण दिल्ली की सड़कों पर चुनाव प्रचार के लिए निकलीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से राघव चड्ढा के पक्ष में वोट करने की अपील की। बुलेट से प्रचार के दौरान गुल पनाग ने सड़क सुरक्षा नियम का ध्यान रखते हुए हेलमेट भी लगा रखा था। गुल पनाग ने कालका जी और नेहरू एन्कलेव इलाकों में मोटर बाइक रैली में हिस्सा लिया।

AAP उम्मीदवार के प्रचार के दौरान गुल पनाग ने की खास अपील
चुनाव प्रचार के दौरान गुल पनाग ने दिल्ली की जनता से अपील किया कि वो प्रधानमंत्री के चेहरे को देखकर वोट नहीं करें बल्कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार को ध्यान में रखते हुए वोट करें। उन्होंने कहा, "हमें इस देश की प्रगति के लिए राघव चड्ढा जैसे कई सांसदों की आवश्यकता है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राघव चड्ढा युवा हैं, शिक्षित और ईमानदार हैं। ऐसे में हमें अपनी संसद में ऐसे ही लोगों की आवश्यकता है।" उन्होंने पानी के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा, "ये बेहद गंभीर है कि 21वीं सदी में भी पीने का पानी चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में कई सवाल हैं जिनका उत्तर दिए जाने की आवश्यकता है, लेकिन किसी को केवल तभी उत्तर मिलेगा जब आपका प्रतिनिधि आपके प्रति जवाबदेह होगा।"

स्वरा भास्कर, प्रकाश राज और जिग्नेश मेवानी भी कर रहे AAP का प्रचार
गुल पनाग ने जहां दक्षिणी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के समर्थन में प्रचार किया। वहीं पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी के समर्थन में अभिनेत्री स्वरा भास्कर और निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी ने चुनाव प्रचार किया। उन्होंने आतिशी के समर्थन में पदयात्रा की। भीषण गर्मी के बावजूद स्वरा भास्कर और जिग्नेश मेवानी ने पूर्वी दिल्ली के लोगों से आतिशी के पक्ष में वोट करने की अपील की। उनके अलावा अभिनेता से नेता बने प्रकाश राज भी दिल्ली में हैं और आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। बता दें स्वरा भास्कर, प्रकाश राज और जिग्नेश मेवानी ने बिहार के बेगुसराय में सीपीआई उम्मीदवार कन्हैया कुमार के लिए भी प्रचार किया था।
अपने राज्य की विस्तृत चुनावी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications