मेरा नाम लेकर नहाते हैं शिवराज तो प्रज्ञा के प्रचार के बाद क्या करेंगे: दिग्विजय सिंह
नई दिल्ली। इस लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश का भोपाल सीट सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह हैं तो बीजेपी ने मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को टिकट दिया है। प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप जमकर हो रहा है। दिग्विजय सिंह पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बेतुका बयान दिया था। उसके बाद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को राजगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज कल वो (पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) कहते हैं कि दिग्विजय सिंह का नाम मेरे मुंह से नहीं निकलना चाहिए नहीं तो नहाना पड़ेगा। लेकिन साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का प्रचार करने के बाद तो उन्हें नहाना नहीं पड़ता।

आपको बता दें कि पूर्व सीएम शिवराज ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में चुनावी प्रचार के दौरान रोड शो में सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि भगवा को कभी भी आतंकवाद से नहीं जोड़ा जा सकता। लेकिन आतंकवाद से जोड़ने का काम दिग्विजय सिंह ने किया है। उसके बाद उन्होंने कहा मैंने उनका नाम ले लिया है अब मुझे नहाना पड़ेगा। गौरतलब है कि राजनीति में बड़ी हैसियत रखने वाले दिग्विजय सिंह केंद्र की भाजपा सरकार और उसके नेताओं पर लगातार हमले करते रहे हैं।
इन दिनों अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर वे भाजपा सरकार से सवाल भी पूछ रहे हैं। इन सवालों में ज्यादातर प्रश्न देश की अर्थव्यवस्था और भाजपा सरकार की नीतियों से जुड़े होते हैं। आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह पहली बार भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके पहले बतौर मुख्यमंत्री वे प्रदेश में राघोगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications