NaMo TV पर चुनाव आयोग का अहम निर्देश, सूत्रों का दावा- बीजेपी ने प्रसारित होने वाले कंटेट को मंजूरी के लिए भेजा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के बीच नमो टीवी (NaMo TV) को लेकर चुनाव आयोग की ओर से अहम निर्देश जारी किया गया है। पहले चुनाव आयोग ने नमो टीवी पर दिखाए जाने वाले सभी रिकॉर्डेट कंटेट को बिना सर्टिफिकेशन नहीं दिखाने का निर्देश जारी किया। इसके बाद दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने कहा कि चैनल बिना उनकी मंजूरी के कोई भी प्री-रिकॉर्डेट कंटेंट 'नमो टीवी' पर प्रसारित नहीं करेगा। उन्होंने बीजेपी को पत्र लिखकर नमो टीवी पर दिखाए जाने वाले सभी प्री-रिकॉर्डेड कंटेंट को प्रमाणन के लिए पेश करने का निर्देश दिया है। वहीं एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले बताया है कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के निर्देश के बाद 'नमो टीवी' पर प्रसारित किए जाने वाले कंटेट को प्रमाणन के लिए भेज दिया है।

नमो टीवी को लेकर चुनाव आयोग ने दिए अहम निर्देश
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के निर्देश का जवाब देते हुए स्पष्ट किया, "केवल पूर्व-प्रमाणित कंटेंट ही प्रसारित किया जाएगा। दिल्ली के सीईओ (CEO) मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति सभी कंटेंट की जांच कर रहे हैं।" इससे पहले दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग की ओर से दिए गए निर्देश को लागू करने के लिए कहे जाने के बाद बीजेपी को पत्र लिखकर NaMo TV पर किसी भी सामग्री को प्रसारित नहीं करने के लिए कहा था।

'रिकॉर्डेट कंटेट को बिना सर्टिफिकेशन नहीं दिखाने का निर्देश'
पूरे मामले पर अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर, नमो टीवी पर प्रसारित सामग्री की निगरानी के लिए दो अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा था कि नमो टीवी बीजेपी की ओर से प्रायोजित किया गया था, इसलिए इस पर दिखाए गए सभी रिकॉर्ड किए गए कार्यक्रमों को दिल्ली के मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति द्वारा पूर्व-प्रमाणित किया जाना चाहिए।

सूत्रों का दावा- बीजेपी ने कंटेट को प्रमाणन के लिए भेजा
एक अधिकारी ने बताया, आमतौर पर राजनीतिक दल प्री-सर्टिफिकेशन के लिए ऑडियो-विजुअल कंटेंट जमा करते हैं, बिना यह बताए कि इसे किस प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सामग्री एक चुनावी रैली के दौरान या पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट पर भी प्रसारित की जा सकती है। बता दें कि नमो टीवी को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से नमो टीवी पर विस्तृत जवाब भी मांगा था।
लोकसभा चुनाव से संबंधित विस्तृत कवरेज पढ़ने के लिए क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications