नतीजों से पहले बैठकों का दौर, शाह ने एनडीए सहयोगियों को डिनर पर बुलाया
नतीजों से पहले शाह ने एनडीए सहयोगियों को डिनर पर बुलाया
नई दिल्ली। रविवार को आखिरी चरण के मतदान के बाद राजनीतिक दलों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है। एग्जिट पोल में एनडीए के वापस आने का दावा किया गया है। हालांकि ज्यादातर विपक्षी दलों ने इसे खारिज कर दिया है। 23 मई को नतीजों के ऐलान से पहले मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एनडीए के सहयोगियों को डिनर पर बुलाया है। नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। भाजप कार्यालय में केंद्रीय मंत्रियों की भी मीटिंग बुलाई गई है।

जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार, शिवसेना के मुखिया उद्धव ठाकरे, लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान, तमिलनाडु के सीएम के पलानीस्वामी और दूसरे अहम सहयोगियों के बैठक में भाग ले सकते हैं। तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष सुंदरराजन ने कहा है कि ये बैठक सभी दलों को मेहनत से धन्यवाद कहने के लिए बुलाई गई है।
एनडीए के दूसरी तरफ टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू लगातार क्षेत्रीय नेताओं से मिलकर भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। नतीजे आने से पहले कांग्रेस एवं दूसरे प्रमुख विपक्षी दलों के नेता मंगलवार बैठक कर राजनीतिक हालात और गैर-राजग गठबंधन बनाने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास के तहत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगूदेशम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू लगातार कोशिश कर रहे हैं।
सोमवार शाम को ही उन्होंने टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी से मुलाकात की है। इससे पहले वो कांग्रेस नेताओं से भी मिल चुके हैं। मायावती और अखिलेश यादव से भी नायडू ने मुलाकात की है। वहीं यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी भी अपने सहयोगियों से संपर्क साध रही हैं।
देश में 17वीं लोकसभा के लिए हुए आम चुनाव में सात चरण में वोटिंग हुई है। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग हुई, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 सीटों पर, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को 14 राज्यों की 115 सीटों पर, चौथे चरण में 29 अप्रैल को 9 राज्यों की 71 सीटों पर, पांचवें चरण में 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर, छठे चरण में 12 मई को 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। वहीं सातवें और आखिरी फेज में 19 मई को 59 सीटों पर वोटिंग हुई। नतीजे 23 मई को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications