पांच चरणों के चुनाव के बाद भाजपा को मिलेंगी कितनी सीटें, अमित शाह ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में पांच चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है, अभी दो फेज की वोटिंग बाकी है। ऐसे में सभी की निगाहें इसी बात पर टिकी हैं कि आखिर इस चुनाव में वोटर किस पर अपना भरोसा जताएंगे। इसका पता तो 23 मई को नतीजे आने के बाद ही होगा। इस बीच केंद्र में सत्ता संभाल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बड़ा दावा किया है। हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अकेले ही 282 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगी, यही नहीं बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की सीटों की संख्या और ऊपर जाएगी।

शाह बोले- बीजेपी ही नहीं, एनडीए गठबंधन की सीटों की संख्या भी बढ़ेगी
पांच चरणों का चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी के आकलन पर हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, "वोटिंग राउंड के हमारे विश्लेषण से पता चलता है कि न केवल सीटों की संख्या इस बढ़ेगी, बल्कि जीत का मार्जिन भी बढ़ेगा।" शाह ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी अकेले ही 282 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगी, यही नहीं बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की सीटों की संख्या और ऊपर जाएगी।"

'जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास और भरोसा है'
आपको क्यों लगता है कि लोग भाजपा को वोट देंगे, इस सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा, "सबसे पहले, जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास और भरोसा है। हम मोदी को फिर से पीएम बनाने में मतदाताओं के बीच उत्साह का अनुभव कर सकते हैं। दूसरी बात, मोदी सरकार ने चहुंमुखी विकास किया है। यह भारत की जीडीपी वृद्धि के मामले में वैश्विक तौर पर ऊपर ले जाकर, देश को गौरवान्वित कर रहा है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने 125 करोड़ भारतीयों को आश्वासन दिया है कि उनकी सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जो उनके शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है- चाहे वह जम्मू और कश्मीर पर कड़े फैसले लेने का मामला हो या अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति और चुनौतियों से निपटने का मामला हो, ये सबसे सफल सरकार है। पीएम मोदी में, लोगों को एक ऐसा नेता मिला है जो संवेदनशील हो सकता है, फिर भी कठोर निर्णय लेने की क्षमता रखता है।

यूपी में आएंगी कितने सीटें, शाह ने दिया ये जवाब
उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा महागठबंधन के प्रभाव के सवाल पर अमित शाह ने कहा, "मुझे दृढ़ता से विश्वास है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने 73 सीटों के पुराने आंकड़े में सुधार करेगी। हम यूपी में 73 से 72 नहीं 74 सीटें हासिल करेंगे। समय बीत गया जब मतदाताओं ने दो नेताओं को एक ड्राइंग रूम में हाथ मिलाते हुए देखा। आज मतदाता तय करता है कि किसे वोट देना है। आप नतीजे देखिए, भाजपा अपनी स्थिति में सुधार करेगी।"

बंगाल में बीजेपी के प्रदर्शन के सवाल पर क्या बोले शाह
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर अमित शाह ने कहा, "हम निश्चित रूप से पश्चिम बंगाल में कुल लोकसभा सीटों के आधे आंकड़ें को पार करेंगे। बंगाल में दीदी (ममता बनर्जी) की तुष्टीकरण वोट बैंक की राजनीति से परेशान लोगों के साथ बहुत बड़ा बदलाव हो रहा है। बंगाल में न केवल लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है, बल्कि उसकी संस्कृति को नष्ट किया जा रहा है।"

MP, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम को टिकट नहीं दिए जाने पर ये बोले शाह
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्रियों को लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिए जाने के सवाल पर अमित शाह ने कहा, "राज्य इकाई की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं था और तीनों ही पूर्व मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों से पार्टी को जीत दिलाने में अपनी ऊर्जा लगा रहे हैं। तीनों नेता केंद्र में भाजपा के उपाध्यक्ष हैं और भाजपा की चुनावी ताकत में योगदान दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications